वीरांगना अवंतीबाई राजकीय डिग्री कॉलेज में सोमवार को दो प्रोफेसर आपस में भिड़ गए। दोनाें के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें एक प्रोफेसर के काफी चोट आई हैं। पुलिस ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया है।
वीरांगना अवंतीबाई राजकीय डिग्री कॉलेज में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता डॉ. जावेद अख्तर छात्रवृति के प्रभारी इंचार्ज हैं। वहीं प्रवक्ता डॉ. इसरार कॉमर्स के प्रोफेसर हैं। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे दोनों शिक्षक कॉलेज पहुंचे तो उनके बीच छात्रवृति फॉर्म को लेकर प्राचार्य ऑफिस के निकट बातचीत हो रही थी। इसी दौरान दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई और हाथापाई शुरू हो गई। जमकर मारपीट हुई। छात्र-छात्राएं व शिक्षक पहुंचे और बीच-बचाव कराया। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। थाना पुलिस के अनुसार दो शिक्षकों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी। एक शिक्षक के चेहरे पर खुली चोट होने पर उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।