धनीपुर ब्लाक के पनैठी गांव में किराए की भूमि पर संचालित एफसीआई गोदाम को वापस तालानगरी में शिफ्ट किया जाएगा। बरौली विधायक ठा. दलवीर सिंह के पत्र के आधार पर खाद्य एवं रसद, स्टांप एवं पंजीयन विभाग की प्रमुख सचिव बीना कुमारी मीणा की ओर से स्थानांतरित करने की संस्तुति कर दी है। डीएम ने मामले में डीएसओ राजेश कुमार सोनी को जांच सौंपी है। वह जल्द ही इस विषय पर अपनी रिपोर्ट पेश करेंगे।
विधायक दलवीर सिंह की ओर से 19 जनवरी को पत्र लिखा गया था। इस पत्र में लिखा है कि पनैठी में संचालित सरकारी खाद्यान्न के गोदाम की आए दिन शिकायत आती रहती है। यह गोदाम पूर्व में रामघाट रोड मुख्य मार्ग के नजदीक औद्योगिक क्षेत्र तालानगरी में स्थित राजकीय आरएफसी के गोदाम में संचालित था। यह स्थान परिवहन व सुरक्षा के लिहाज से अच्छा था। गोदाम पर अवैध कारोबार करने वालों का हस्तक्षेप संभव नहीं था। इसके चलते कुछ लोगों ने अधिकारियों से मिलीभगत करके इसे एकांत में निजी भूमि को किराए पर लेकर स्थानांतरित करा दिया। वहां टिन शेड भी नहीं है। वापस गोदाम को आरएफसी के तालानगरी गोदाम में शिफ्ट कर दिया जाए। इस पत्र के आधार पर बीना कुमारी मीणा की ओर से गोदाम शिफ्ट करने की संस्तुति की गई है। उन्होंने डीएम को इस संबंध में जांच सौंपी है। डीएम ने डीएसओ को मामले की जांच दी है। डीएसओ राजेश कुमार सोनी ने बताया कि वह आरएफसी का गोदाम है। आरएफसी से बात की जाएगी। वह अपनी रिपोर्ट भी देंगे। जांच जारी है। जल्द ही रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी जाएगी।