महानगर के सासनी गेट पला रोड इलाके में रहने वाले पिता-पुत्र से लोन दिलाने के नाम पर कुछ लोगों ने 15 हजार रुपये ले लिए और लोन न होने पर जब रुपये वापस मांगे तो उनके साथ मारपीट कर दी गई। पिता-पुत्र में से बेटा राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी का पदाधिकारी होने के नाते अपने समर्थकों संग खिरनी गेट चौकी पहुंच गया, जहां हंगामा किया।
वहां मौजूद सिपाहियों ने उन्हें समझाकर थाने भेजा। जहां पुलिस ने उन्हें मदद का भरोसा दिलाया। फिलहाल उनसे तहरीर ले ली गई है और मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर देते हुए विनोद कुमार गुप्ता व उनके बेटे चिराग गुप्ता ने बताया कि उन्होंने इलाके के ही कुछ लोगों को लोन दिलाने के नाम पर 15 हजार रुपये दिए थे।
आज तक न तो लोन मिला और न रुपये ही वापस हुए। इसे लेकर कई मर्तबा कहा गया है। अब जब रुपये वापसी का दबाव बनाया गया तो यह लोग बदतमीजी करने लगे। इसकी पूर्व में भी थाने में शिकायत की गई थी। मगर सुनवाई नहीं हुई। इतना ही नहीं, रविवार को तो नामजदों ने फोन पर कुछ साथियों को बुलाकर बाप-बेटों के साथ मारपीट कर दी गई।
चूंकि चिराग गुप्ता राष्ट्रीय युवा हिंदू वाहिनी में पदाधिकारी हैं तो वह अपने समर्थकों साथ खिरनी गेट चौकी पहुंचा। उस समय वहां कुछ सिपाही मिले, हंगामा होने पर वह समझाकर उन्हें थाने ले गए। जहां इंस्पेक्टर ने उनकी बात सुनते हुए तहरीर लेकर मुकदमा व कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पीड़ितों को डॉक्टरी के लिए भेजा है।