घटना के बाद घर में जुटी महिलाएं।
- फोटो : LODHA
थाना लोधा क्षेत्र के गांव बरौठ छजूमल में खर्चे के लिए रुपये न देने पर बेटे ने पिता और बहन को गोली मार दी। दोनों को गंभीर हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के कुछ देर बाद पुलिस ने बेटे को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर गजराज सिंह ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।
गांव निवासी गिरप्रसाद शर्मा (60) शुक्रवार को घर पर चारपाई पर बैठकर खाना खा रहे थे। बेटी रिचा खाना परोस रही थी। गांव में दशहरा मेला लगा था। तभी बेटा अशोक शर्मा हाथ में तमंचा लेकर आ धमका। बिना कहे सुने पिता व बहन पर गोली चला दी। अशोक ने चार राउंड फायर किए। एक गोली पिता को व तीन गोली बहन को लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। लोगों को आता हुआ देख अशोक भाग गया। लोगों ने गिरप्रसाद व रिचा को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। अशोक बन्नादेवी क्षेत्र में अपने मकान में पत्नी व बच्चों के साथ रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि अशोक पिता व बहन से खर्चे के लिए रुपये मांग रहा था। न देने पर दोनों को गोली मार दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद अशोक को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर गजराज सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।