समाजवादी पार्टी के बलिया से सांसद सनातन पांडेय ने प्रदेश की कानून व्यवस्था, पेपर लीक और किसान आंदोलन के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि आय दोगुनी करने का झूठा वादा कर किसानों को ठगा गया। हक मांगने पर लाठियां व जेल दी गई।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी के नाम पर सब्जबाग दिखाए गए, लेकिन आज हर भर्ती का पेपर साठगांठ कर लीक करा दिया जाता है और परीक्षाएं रद्द हो जाती हैं। वह बृहस्पतिवार को सपा की जिला कमेटी द्वारा क्वार्सी स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा कान खोलकर सुन ले, यदि किसी भी ब्राह्मण या समाजवादी कार्यकर्ता का उत्पीड़न हुआ, तो मैं उनके लिए ढाल बनकर खड़ा रहूंगा। सपा ने हमेशा ब्राह्मण समाज को सर्वोच्च सम्मान दिया है और पार्टी आज भी छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र के आदर्शों पर चल रही है।उन्होंने कहा कि आगामी पांच अगस्त को लखनऊ में जनेश्वर मिश्र की जयंती मनाई जाएगी, जिसमें अलीगढ़, एटा, कासगंज और हाथरस से लोग शामिल होंगे।
राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी का आरोप
पत्रकारों से बातचीत में पांडेय ने राम मंदिर निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भगवान श्री राम की नगरी में हो रही चंदा चोरी के काले सच को उजागर किया। वह देश के इकलौते निडर नेता हैं, जिन्होंने इस भ्रष्टाचार पर आवाज उठाई। मौके पर जिलाध्यक्ष लक्ष्मी धनगर, जिला उपाध्यक्ष डॉ. बादशाह खान, एटा जिला अध्यक्ष परवेज जुबैरी, कासगंज जिला अध्यक्ष विक्रम यादव, महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोषी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. रक्षपाल सिंह, अशोक यादव आदि मौजूद रहे।
यहां हुआ स्वागत
सांसद सनातन पांडेय का जिले में कई स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। आगरा रोड टोल प्लाजा के पास स्थित मुकेश सूर्यवंशी फैमिली ढाबा पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर अगवानी की। अश्वनी शर्मा के आवास पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने उन्हें पगड़ी और माला पहनाकर सम्मानित किया। वह पूर्व मंत्री ख्वाजा हलीम के पुत्र ख्वाजा हसन जिब्रान के आवास बरगद हाउस भी गए।