मडराक थाना क्षेत्र के गांव आसना के पास सोमवार को मैक्स की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश कर रहे मैक्स चालक को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हाथरस के सासनी थाना क्षेत्र के गांव विघेपुर निवासी 45 वर्षीय किसान विजेंद्र कुमार पुत्र श्यौदान सिंह सोमवार को किसी काम से बाइक से अलीगढ़ आया था। मथुरा रोड गांव आसना के पास पीछे से तेज गति से आ रही मैक्स गाड़ी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि विजेंद्र बाइक से उछलकर मैक्स के पहिये के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मैक्स चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दबोचकर जमकर धुनाई की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बमुश्किल ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। मृतक के परिवार में परिवार में चार बच्चे और पत्नी हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा है ।