थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा पकड़ा गया खुद को पुलिस का सिपाही बताने वाला आरोपी।
- फोटो : CITY OFFICE
महानगर के सिविल लाइंस इलाके के कठपुला पुल पर शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम के हत्थे एक नकली सिपाही चढ़ गया। उसके पास से एक फर्जी आईकार्ड बरामद हुआ है। सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपी को जेल भेज उसकी मोटर साइकिल को भी सीज कर दी है।
सीओ सिविल लाइंस अनिल समानिया ने बताया कि एसआई उमेश कुमार टीम के साथ कठपुला पुल पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी घंटाघर की ओर से आते एक मोटर साइकिल सवार को चेकिंग के लिए रोका गया। बाइक पर आगे पर पीछे पुलिस का लोगो लगा था। बाइक सवार मुन्ने खां पुत्र अलीशेर खां निवासी मुल्लापाड़ा, भुजपुरा, नगर कोतवाली ने खुद को यूपी पुलिस का सिपाही बताते हुए ऊपरकोट कोतवाली में तैनात बताया। साथ ही अपना आईकार्ड भी दिखाने लगा। एसआई को शक हुआ तो उसने कड़ाई से पूछताछ की। साथ ही कोतवाली पुलिस से भी तस्दीक की। कोतवाली पुलिस ने उक्त नाम के किसी भी सिपाही की तैनाती नहीं होने की पुष्टि की। इस पर टीम युवक को थाने पर ले आई। यहां पूछताछ में वह टूट गया। उसने बताया कि वाहन चेकिंग और टोल टैक्स पर बचने के लिए उसने फर्जी आईकार्ड बनवाया था। एक वर्दी में फोटो कराकर उस पर चस्पा किया ताकि किसी को शक न हो। युवक को सुसंगत धाराओं में पाबंद कर जेल भेज दिया है। गाड़ी सीज कर दी है।