लॉकडाउन के समय आनलाइन शैक्षिक कार्य को बढ़ावा देते हुए अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग की ओर से शोध छात्रों तथा शिक्षकों के लिये शिक्षा में अनुसंधान विषय पर पांच दिवसीय आनलाइन लेक्चर सीरीज का आयोजन किया गया।
पहला लेक्चर जामिया मिल्लिया इस्लामियां के प्रो. आरआर हुसैन ने दिया, जिसमें उन्होंने अनुसंधान में आईसीटी के संसाधनों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने रिसर्च में प्रयोग किये जाने वाले साफ्टवेयर मेंडली, डीप डाइव, गूगल स्कालर, कोलविज आदि का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया तथा साहित्यिक चोरी के टूल ग्रामरली तथा टर्निटिन के विषय में भी बताया।
इससे पूर्व शिक्षा विभाग की अध्यक्ष प्रो. नसरीन ने लेक्चर सीरीज के बारे में बताया। एक अन्य व्याख्यान में प्रो. हुसैन ने नए विजुअल मैथड पर प्रकाश डाला। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शिक्षा विभाग की डा. आकांक्षा सिंह ने फैनोमेनोलॉजिकल रिसर्च मैथड पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
उन्होंने एक अन्य व्याख्यान में इथनोग्राफिक रिसर्च के विभिन्न आयामों पर प्रकाश डाला। गढ़वाल यूनिवर्सिटी की प्रो. सीमा धवन ने केस स्टडी पर व्याख्यान देते हुए कहा कि केस स्टडी में लोगों के मध्य रहकर उनके अनुभवों को समझा जाता है। इस व्याख्यान में एएमयू के साथ-साथ गढ़वाल यूनिवर्सिटी के छात्र व छात्राओं ने भी भाग लिया।