क्षेत्र के गांव महतापुर स्थित एक डिग्री कॉलेज में बीए की परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी से नकल कराने के नाम पर रुपये मांगने का मामला सामने आया है। रुपये देने से इन्कार करने पर परीक्षा केंद्र पर काम करने वाले एक व्यक्ति से उसकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद 15-20 युवकों ने रास्ते में उसे घेरकर पीटा।
हाथरस के मुरसान क्षेत्र के गांव नगला बाबू निवासी कुनाल निष्ठा चौधरी डिग्री कॉलेज मुरसान में बीए की पढ़ाई कर रहा है। वह सोमवार को राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में परीक्षा देने पहुंचा था। कुनाल का आरोप है कि परीक्षा के दौरान उससे नकल कराने के लिए रुपये मांगे गए। उसने रुपये देने से मना कर दिया तो केंद्र पर काम करने वाले मोहित से उसकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी परीक्षा केंद्र से जुड़े मोहित ने 15-20 युवकों को बुलाकर उसपर हमला करा दिया। आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीओ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में वायरल हो रहे वीडियो तथा पीड़ित के प्रार्थनापत्र के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं, जांच करके आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।