महानगर में जीव दया फाउंडेशन संचालित करने वाली एक पदाधिकारी एवं कुत्ता प्रेमी ने अपने पड़ोसी पर जानवरों को प्यार करने का विरोध करते हुए मारपीट अभद्रता एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने उनके घर के सारे शीशे तोड़ डाले और घर का सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में पीड़िता की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। क्वार्सी थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर में जीव दया फाउंडेशन संचालित करने वाली आशा सिसोदिया ने कहा है कि वह जानवरों को बचाने के लिए बने फाउंडेशन में काम करती है। खासकर कुत्ता प्रेमी होने के नाते वह अक्सर कुत्तों पर होने वाले अत्याचार का कड़ा विरोध करती है।
इसको लेकर उनके पड़ोसी को ऐतराज है। कई बार वह उनके साथ गाली गलौज और अभद्रता कर चुके हैं। हर बार उन्होंने पड़ोसी धर्म निभाते हुए इसकी कभी शिकायत नहीं की। आरोप है कि शुक्रवार को एक पड़ोसी दंपती ने उसके साथ गाली गलौज की विरोध करने पर मारपीट करते हुए हथोड़ा लेकर जान से मारने की नीयत से वार किया। किसी तरह उन्होंने घर में भागकर अपनी जान बचाई। इसी बीच पड़ोसी ने उनके घर के दरवाजे खिड़की के शीशे आदि तोड़ने के साथ ही घरेलू सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने इस मामले में थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।