थाना गांधी पार्क के छर्रा अड्डा पुल के नीचे ट्रेन की चपेट में आकर एक इंजीनियरिंग के छात्र की मौत हो गई। इलाका पुलिस के मुताबिक अकराबाद के गांव करहला का रहने वाला 22 वर्षीय हेमंत पुत्र थान सिंह खैर रोड स्थित एक निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। वह अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी के नगला कलार में रहता था।
मंगलवार को वह बाइक से नगला कलार से कॉलेज के लिए निकला, लेकिन वह छर्रा अड्डा पहुंच गया। यहां पर ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना वीभत्स था कि दुर्घटना के बाद हेमंत के शरीर के परखच्चे उड़ गए। उसकी बाइक और अन्य दस्तावेज से शिनाख्त हो सकी। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। परिजन घटना के कारणों के विषय में बताने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।