पुराने सोमना रोड पर करबन नदी पर नए पुल निर्माण के लिए शासन से धन आवंटित हो गया। विभाग ने टेंडर जारी कर कार्यदायी संस्था को काम सौंप दिया, फिर भी आठ माह से पुराने पुल की न एक ईंट हटाई जा सकी, न एक नई ईंट रखी जा सकी।
कार्यदायी संस्था सावित्री कंस्ट्रक्शन के मैनेजर शरद वशिष्ठ बताते हैं कि जर्जर पुल को हटाकर नये पुल का निर्माण शुरू कराने में एलटी विद्युत लाइन का एक खंभा और पास ही कॉलोनी का गेट बाधक बना है। इन्हें हटवाने के लिए विद्युत विभाग के साथ ही कॉलोनी के निवासियों से संपर्क किया गया है। विद्युत विभाग के स्तर पर मामला लंबित है। बिजली का खंभा हटते ही पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस ब्रिटिशकालीन जर्जर पुल से रोजाना स्कूली बच्चे और शिक्षक गुजरते हैं। 18 मार्च को इसके निर्माण के लिए 87.77 लाख रुपये की धनराशि का टेंडर जारी कर कार्यदायी संस्था को काम सौंप दिया गया था। क्षेत्रीय निवासी सौरभ शर्मा बताते हैं कि पुल बुरी तरह जर्जर है। रोजाना दिन में दो बार स्कूल की बसें इस पुल से होकर निकलती हैं। प्रत्येक बस में करीब 50 छात्र-छात्राएं और अध्यापक रहते हैं। जर्जर पुल के ऊपर से निकलते हुए हादसे का खतरा बना रहता है।
घूमकर निकल रहे भारी वाहन
अभिषेक शर्मा ने बताया कि मोहल्ला उपाध्याय में भारी वाहनों से सामान पहुंचना मुश्किल हो रहा है। पुल जर्जर होने के कारण वाहन चालक भारी सामान लादकर पुल से होकर नहीं निकल पाते। उन्हें काफी घूमकर दूसरे रास्तों से उपाध्याय मोहल्ले में आना पड़ रहा है। वहीं, कांति उपाध्याय ने कहा कि लोक निर्माण विभाग, नहर विभाग अथवा नगर पालिका ने भी पुल के जर्जर होने का सूचना बोर्ड नहीं लगाया है। इससे देर रात के समय बाहर से आने वाला कोई भारी वाहन इसके ऊपर से होकर निकल सकता है। इससे हादसा भी हो सकता है।
मार्च में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल निर्माण का कार्य शुरू करने में कई बाधाएं आईं। नवरात्र में पथवारी मंदिर से कस्बे का संपर्क मार्ग होने के साथ बरसात में करबन नदी में जलस्तर बढ़ गया था। आसपास बने भवनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नदी के पानी को डायवर्ट करने की व्यवस्था के लिए जलस्तर कम होने का इंतजार किया गया। इसके अलावा एक कॉलोनी का गेट और बिजली का खंभा भी निर्माण कार्य में बाधा बन रहे हैं। इन समस्याओं का जल्द निस्तारण कराकर पुल निर्माण शुरू कराया जाएगा। -रजनीश कुमार, असिस्टेंट इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी