स्वर्ण जयंती नगर बिजलीघर के इलाके में आपूर्ति बंद हो गई। लगभग ढाई घंटे तक बिजली न आने के कारण भीषण गर्मी और उमस से बिलबिलाए लोगों ने स्वर्ण जयंती नगर बिजली घर पर हंगामा कर दिया।
12 जून रात महानगर के स्वर्ण जयंती नगर बिजलीघर से जुड़े इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली घर भी अंधेरे में डूब गया। रात 10 बजे अचानक यह समस्या उस वक्त हुई, जब 132 केवी पंचम बिजली घर ओजोन सिटी रोड निकलने वाली 33 केवी की लाइन का जंपर टूट गया।
विज्ञापन
इसके बाद स्वर्ण जयंती नगर बिजलीघर से जुड़े इलाके में आपूर्ति बंद हो गई। लगभग ढाई घंटे तक बिजली न आने के कारण भीषण गर्मी और उमस से बिलबिलाए लोगों ने स्वर्ण जयंती नगर बिजली घर पर हंगामा कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में स्वर्ण जयंती नगर, एडीए कॉलोनी, कुलदीप बिहार, असदपुर-क्यामपुर, तिकोना नगला और ज्ञान सरोवर के लोग शामिल थे, जहां आपूर्ति बंद हो गई थी। बिजली विभाग के अनुसार इन इलाकों के लगभग एक लाख लोग इस संकट से जूझे।
बिजली विभाग के कर्मचारी देर रात तक आपूर्ति को बहाल करने के प्रयास में जुटे रहे। रात 12.30 बजे आपूर्ति दुरुस्त हुई, लेकिन इसके बाद भी बिजली के आने और जाने का सिलसिला चलता रहा। इसे ठीक करने के लिए देर रात तक मरम्मत कार्य चल रहा था। खबर लिखे जाने तक कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाई थी। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता पीए मोंगा ने बताया कि कई मोहल्लों की आपूर्ति को बहाल कर दिया गया है। कुछ जगहों पर काम चल रहा है।