थाना क्षेत्र के तेजपुर तिराहे पर बृहस्पतिवार की सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार पीएसी जवान की मौत हो गई। वह नैनी इलाहाबाद में तैनात था और एक साल से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था।
थाना पुलिस के मुताबिक बुलंदशहर के आंबेडकर नगर निवासी कुलदीप (32) वर्तमान में आनंद विहार कॉलोनी क्वार्सी में रह रहा था। बृहस्पतिवार को कुलदीप छतारी से अलीगढ़ आ रहा था। वह जवां के तेजपुर तिराहे पर पहुंचा, तभी अलीगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी, जिसमें कुलदीप घायल हो गया। पुलिस और परिजनों ने घायल को निजी अस्पताल में दाखिल कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
पत्नी के साथ चल रहा है विवाद
परिजनों ने बताया कुलदीप पीएसी में सिपाही के पद पर नैनी इलाहाबाद में तैनात था। वह करीब एक वर्ष से ड्यूटी पर नहीं जा रहा था। कुलदीप का अपनी पत्नी सुमन से विवाद चल रहा है, जो अपने पांच साल के बेटे नमन के साथ मायका गांव खिटौली थाना हसायन हाथरस में रह रही है। कुलदीप दो भाइयों में बड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।