अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के राष्ट्रीय अधिवेशन ‘वैश्य महाकुंभ’ की पूर्व संध्या पर शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आगरा रोड स्थित इंद्रकमल गार्डन में हुई, जिसमें नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। आनलाइन 65 व्हाटस एप ग्रुपों का प्रयोग कर हुए इस चुनाव में परिषद के 11 हजार 565 में से 9765 सदस्यों ने भाग लिया। शाम छह बजे तक अधिकांश सदस्यों का मत पड़ चुका था।
मौके पर मौजूद 375 राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों ने भी मतदान किया। माना जा रहा है कि वर्तमान अध्यक्ष सुमंत गुप्ता दोबारा चुने जाएंगे, क्योंकि स्थानीय पदाधिकारियों ने उनके ही पक्ष में मतदान किया है। अध्यक्ष की घोषणा रविवार को प्रमुख चुनाव अधिकारी आगरा के मेयर नवीन जैन और फतेहपुर के पूर्व मंत्री राधेश्याम गुप्ता के आने के बाद होगी, हालांकि उनको शनिवार को ही आना था, लेकिन निजी व्यस्तता के कारण दोनों प्रमुख चुनाव अधिकारी नहीं आ सके। संगठन के मीडिया प्रभारी पंकज धीरज ने बताया कि रविवार को अधिवेशन के प्रथम सत्र के बाद ही इस चुनाव के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
डॉ. सुमंत गुप्ता का नाम प्रस्तावित किया
शनिवार को निर्वाचन अधिकारी धर्मप्रकाश गुप्ता ने पहले नामांकन प्रक्रिया की समीक्षा की। निर्वाचन प्रक्रिया में अनुमोदक नरेश माहेश्वरी (यूपी), दिल्ली से वीरेंद्र गुप्ता, महाराष्ट्र से रामकिशन शिवहरे, उत्तराखंड से गणेश बिंदल, उन्नाव से रामचंद्र गुप्ता, आगरा से विनय अग्रवाल, बिहार से रामकुमार गुप्ता, मध्यप्रदेश से आरके अग्रहरि, कानपुर से नरेश माहेश्वरी, एटा से संजीव वार्ष्णेय बंटी, राजस्थान से सुरेश चंद्र गुप्ता, लखीमपुर से रामचंद्र शिवहरे, मैनपुरी से सुधीर गुप्ता, जौनपुर से पंकज जायसवाल, बिंदकी से रामेश्वर गुप्ता दयालु, फतेहपुर से विनोद गुप्ता, अलीगढ़ से पंकज धीरज व लखनऊ से सुनील गुप्ता ने अपने अपने प्रस्ताव रखे। मानव महाजन ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए वर्तमान अध्यक्ष डॉ सुमंत गुप्ता का नाम प्रस्तावित किया।
ऑनलाइन हुई चुनावी प्रक्रिया
नए अध्यक्ष के लिए ऑनलाइन हुई चुनावी प्रक्रिया में देश भर से वैश्य एकता परिषद के 11 हजार 565 में 9765 सदस्यों ने भाग लिया। जिसमें 65 व्हाट्सएप ग्रुपों का प्रयोग किया गया। शनिवार शाम छह बजे तक परिषद के नए अध्यक्ष के लिए अधिकांश सदस्यों का मत पड़ चुका था। इंद्रकमल गार्डन में मौजूद करीब 375 राष्ट्रीय व प्रांतीय पदाधिकारियों ने अपना-अपना मत दिया। इसके बाद तय हुआ कि निर्वाचन अधिकारी नवीन जैन (मेयर आगरा व चेयरमैन आल इंडिया मेयर काउंसिल), पूर्व मंत्री उप्र राधेश्याम गुप्ता (फतेहपुर) व धर्मप्रकाश गुप्ता (कानपुर) रविवार को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के समक्ष करेंगे। निर्वाचन अधिकारियों ने निर्णय रविवार तक सुरक्षित रख लिया गया है। इस प्रक्रिया में देश भर से आए परिषद के विनय अग्रवाल, पंकज गुप्ता, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, कमल किशोर वार्ष्णेय, महेंद्र खंडेलवाल, सतीश केसरवानी, अनिल माहेश्वरी, सोनू शिवहरे, अरुण जायसवाल, मनोज गुप्ता नागपुर सहित अनेक पदाधिकारियों ने सहभागिता निभाई।
व्यवस्थाओं के लिए मंथन हुआ
इंद्रकमल गार्डन में शनिवार को हुई बैठक में मंच, पंडाल, भोजन, चुनाव घोषणा, स्मारिका विमोचन सहित अलग अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी वरिष्ठ पदाधिकारियों को सौंपी गई। परिषद की महानगर इकाई के प्रमुख प्रदीप गंगा ने बताया कि पूरा शहर स्वागत द्वारों से सजाया गया है। सभी में लोकसभा अध्यक्ष के स्वागत को लेकर उत्साह है। इतने बड़े स्तर का ये पहला आयोजन है, जो अलीगढ़ में हो रहा है। गौरव हरकुट ने बताया कि युवाओं में इसको लेकर ज्यादा उत्साह है, क्योंकि वह संगठन के इतने बड़े कार्यक्रम में पहली बार शिरकत करेंगे।
अखिल भारतीय वैश्य एकता परिषद के चुनाव को संबोधित करते मानव महाजन - फोटो : CITY OFFICE