राज्य निर्वाचन आयोग ने जिला पंचायत से जिला योजना समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। नामांकन जिलाधिकारी कोर्ट परिसर में 27 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक व नामांकन पत्रों की जांच शाम चार बजे से कार्य समाप्ति तक होगी। पर्चा वापसी 31 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदान तीन सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक व वोटों की गिनती उसी दिन दोपहर तीन बजे के बाद मतगणना समाप्ति तक होगी। जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. ने निर्वाचन अधिकारी की हैसियत से 18 अगस्त को सदस्यों की संख्या व आरक्षण की सूची जारी की। अधिसूचना जारी होने के बाद बुधवार शाम से ही इस समिति में पर्चा दाखिल करने के लिए जिला पंचायत सदस्यों के बीच सुगबुगाहट शुरू हो गई। हालांकि जिला पंचायत के सदन में भाजपा समर्थित सदस्यों की संख्या अधिक होने से यह उम्मीद जताई जा रही है कि आपस में सुलह समझौता कर सदस्य निर्विरोध चुनाव कराने पर अधिक जोर देंगे।
आरक्षण की स्थिति
जिला योजना समिति में जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्धारित 20 सीट में अनुसूचित जाति महिला के लिए दो, अनुसूचित जाति के लिए तीन, अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए दो, अन्य पिछड़ा वर्ग तीन, अनारक्षित वर्ग (महिला) तीन व अनारक्षित वर्ग के लिए सात सीट निर्धारित हैं। बता दें कि जिले के संपूर्ण विकास के लिए विभिन्न विभागों के प्लान पर समिति चर्चा कर सुझाव देती है। इसके बाद समिति के हरी झंडी के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाता है। इसी के आधार पर जिले के विकास के लिए धनराशि आवंटित होती है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि आयोग की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसे जारी कर दिया है। आरक्षण की स्थिति भी जारी हो गई है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराना ही पहला लक्ष्य है। जिला प्रशासन पूरी तरह से तैयार है।