जिले में एक नवंबर को पाए 46 कोरोना संक्रमितों में से आठ गुम हो गए हैं। जिला प्रशासन से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक इनकी तलाश में लगा है। सोमवार को कोरोना समीक्षा बैठक के दौरान यह मामला सामने आया तो उन्होंने निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द मरीजों को ट्रेस कर भर्ती किया जाए। वरना, संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में 46 व्यक्ति कोविड-19 से पॉजिटिव आए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में सीडीओ ने बताया कि एक नवंबर को जनपद में 46 कोविड-19 से संक्रमित मरीजों में से आठ मरीजों को अभी तक ट्रेस नहीं किया जा सका है। संज्ञान में आया है कि जनपद के सीएचसी/पीएचसी पर कोविड-19 की जांच के लिए आने वाले व्यक्तियों से आधार कार्ड अथवा वोटर आईडी नहीं ली जा रही है। बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद भी यह लापरवाही हो रही है। इस पर डीएम ने साफ तौर पर रहा कि संदिग्ध से आधार कार्ड लेना आवश्यक है। साथ ही फार्म पर स्पष्ट पते के साथ मोबाइल नंबर अंकित किया जाए। सीएचसी/पीएचसी के प्रभारी इसमें कोई भी लापरवाही न बरतें।