थाना विजयगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला ओढ़ान में बृहस्पतिवार की रात एक बजे नशे में धुत दामाद ने ससुराल का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर घुस कर सास-ससुर को पीटा। इसके बाद बाइक से पुलिस की जीप को टक्कर मार दी। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। दोनों पक्षों में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा अदालत में विचाराधीन है।
पीड़ित ससुर ध्यानपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रीति की शादी कपिल पुत्र दलबीर सिंह निवासी उतरा के साथ डेढ़ वर्ष पहले की थी। शादी के बाद से ही दामाद शराब पीकर बेटी को पीट कर दहेज मांगता रहा है। नशे में कहता है कि तेरे चार भाई हैं, चारों मिलकर कार दें। जब बेटी ससुराल में ज्यादा परेशान हो गई तो पिता उसे विजयगढ़ ले आए और न्यायालय की शरण ली। न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है।
बृहस्पतिवार की रात्रि 11:00 बजे दामाद शराब के नशे में ससुराल आया और गालीगलौज करने के बाद चला गया। इसके बाद दोबारा रात्रि 1:00 बजे आया और खूब हल्ला मचाया। ध्यानपाल ने जब दरवाजा नहीं खोला तो दामाद ने मुख्य दरवाजा ईंट पत्थरों से तोड़ दिया और अंदर घुस गया। सास से प्रीति के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वह भाई के साथ नोएडा गई है। यह सुनकर नशे में उसने सास और ससुर को पीटना शुरू कर दिया।
शोरशराबा सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। दामाद ने बाइक से पुलिस की जीप में टक्कर मार दी, पुलिस बाइक को थाने ले गई। नशे में होने की वजह से पुलिस ने दामाद को छोड़ दिया। ध्यानपाल ने बताया कि उन्होंने तहरीर थाने में दी है, लेकिन शुक्रवार शाम तक कोई जांच पड़ताल नहीं हुई। एसओ बालेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में न्यायालय में मुकदमा विचाराधीन है।