सासनी गेट थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर में 13 दिसंबर की सुबह डा. राजीव गुप्ता की सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में बाइक सहित गिरने से मौत के प्रकरण में परिवार ने इंसाफ की गुहार लगाई है। रविवार को डॉ. राजीव गुप्ता की मूकबधिर बेटी मानसी ने इशारों- इशारों में घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की शिकायत करते हुए एक वीडियो बनाई है।
इस वीडियो को सीएम योगी आदित्यनाथ को ट्वीट किया है। वहीं, पत्नी रश्मि गुप्ता ने भी सीएम को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने पति की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने व परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग रखी है।
इससे पहले पत्नी ने जल निगम में दस सवालों की एक आरटीआई दाखिल की थी। रश्मि गुप्ता का कहना है कि वह आरटीआई के तहत मिलने वाले जवाबों के जरिये अपने पति की मौत के संबंध में दर्ज कराए मुकदमे को मजबूती से लड़ेंगी। अब किसी कीमत पर समझौता नहीं करेंगी। पति की मौत के जिम्मेदारों को सजा कराकर ही दम लेंगी।
तीन मिनट 18 सेकंड के वीडियो में कही कहानी
राजीव गुप्ता की बेटी मानसी ने 3 मिनट 18 सेकंड की वीडियो बनाई है। इसमें उसने इशारों में सीएम को बताया है कि वह बोलने, सुनने में असमर्थ है। उसके पिता बाइक लेकर सुबह निकले थे, जो रास्ते में जल निगम द्वारा खोदे एक गड्ढे में गिर गए। इससे उनके सिर में चोट लगी और मौत हो गई। इसके बाद परिवार का हाल-बेहाल है। परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।