अब्दुल क्रिकेट एकेडमी के मैदान पर मोहम्मद जफर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में डीपीएस क्रिकेट एकेडमी पहुंच गई, जबकि विपिन मेमोरियल (अंडर-16) क्रिकेट टूर्नामेंट में दौलत क्रिकेट एकेडमी ने एमके अलीगेरियन को हरा दिया। दोनों टूर्नामेंट में एमके अलीगेरियन जूनियर व सीनियर की हार हुई।
मोहम्मद जफर मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में 20 ओवर में डीपीएस ने पांच विकेट पर 183 रन बनाए। दुष्यंत ने 67 रन व प्रवीण ने 47 रन की पारी खेली। एमके के अंकुर ने 2 विकेट झटके। जवाब में उतरे एमके के बल्लेबाजों ने डीपीएस के गेंदबाजों के सामने घुटने टेक दिए। पूरी टीम 39 रन पर सिमट गई। डीपीएस ने 144 रन से जीत दर्ज की। डीपीएस के नयन ने 3 विकेट व गजेंद्र ने 2 विकेट झटके। दुष्यंत को मैन ऑफ द मैच चुना गया। फाइनल में डीपीएस का सहारा क्लब से मुकाबला होगा।
विपिन कुमार मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में 20 ओवर के मैच में दौलत क्रिकेट एकेडमी ने 8 विकेट पर 161 रन बनाए। फरहान ने 84 रन व फैजान ने 27 रन की पारी खेली। एमके अलीगेरियन जूनियर के पंकज ने 3 विकेट व अलीम ने 2 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमके 115 रन बना सकी। एमके 46 रन से हार गई। शिवम ने 19 रन बनाए। एकेडमी के कौशल ने 2 विकेट झटके। फरहान को मैन ऑफ द मैच दिया गया। शुक्रवार को सेमीफाइनल में एकेडमी व एसीएस की टीम भिडे़ंगी।