अलीगढ़ में मंगलवार रात दो अलग-अलग हत्याएं हुई हैं। एक ही रात में दो-दो हत्याओं से पूरा शहर दहल गया है। पुलिस प्रशासनिक टीमें भी जांच के लिए मौके पर पहुंच गईं। दोनों घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, साथ के साथ परिवारों में कोहराम मच गया।
पहली घटना पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव गूलपुर की है, जहां क्वार्सी थाने से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे होमगार्ड की दर्दनाक हत्या कर दी गई। बदमाशों ने चाकुओं से होमगार्ड अशोक दीक्षित के गुप्तांग पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। बुधवार सुबह शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पालीमुकीमपुर पुलिस सहित फील्ड यूनिट जांच के लिए मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
वहीं अतरौली थाना क्षेत्र में छर्रा रोड पर मैक्स चालक की हत्या कर दी गई। मैक्स चालक बनी सिंह आधी रात को कहीं जा रहे थे। इसी दौरान तेवथू गांव के पास अज्ञात बदामशों ने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। फिलहाल दोनों घटनाओं के पीछे आपसी झगड़े की बात सामने आ रही है।