डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज तुगलकाबाद नई दिल्ली में आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में 10 निशानेबाजों ने निशाना साधा। दिया वशिष्ठ ने पांच पदक जीते। यह चैंपियनशिप 21 से 30 जून तक हुई।
लक्ष्य इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग एंड स्पोर्ट्स की निशानेबाज दिया वशिष्ठ ने अकेले पांच पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। उन्होंने 25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल (इंटरनेशनल रूल) जूनियर वर्ग में स्वर्ण पदक, इसी स्पर्धा के सीनियर वर्ग में रजत पदक, 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल में कांस्य पदक, 50 मीटर फ्री पिस्टल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ प्रदेश रैंकिंग हासिल की। 10 मीटर एयर पिस्टल में भी रजत पदक अपने नाम किया।
पॉइंट 22 बोर फायर आर्म्स की सभी स्पर्धाओं में प्रदेश रैंकिंग प्राप्त कर उन्होंने अलीगढ़ मंडल के लिए नया रिकॉर्ड बनाया। साथ ही राज्य चैंपियनशिप में सर्वाधिक पदक जीतने वाली खिलाड़ियों में अपना नाम दर्ज कराया। दिया वशिष्ठ डीएस कॉलेज की स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा हैं। दूसरे स्थान पर रहीं उन्नति सिंह, जिन्होंने तीन पदक जीते। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल में एक स्वर्ण व एक कांस्य पदक और 50 मीटर फ्री पिस्टल में स्वर्ण पदक हासिल किया।
निशानेबाज प्रियांशी भारद्वाज और अब्दुल्लाह कॉलेज एएमयू की सृष्टि माथुर ने रजत पदक जीता। अनिका गुप्ता और दक्ष प्रताप सिंह ने प्री-नेशनल प्रतियोगिता के लिए क्वालिफाई किया। डीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. मुकेश कुमार भारद्वाज ने दिया वशिष्ठ, उनके कोच वेद प्रकाश शर्मा और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी। जिला ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव मजहर उल कमर ने कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।