धनीपुर मंडी में बुधवार रात शराब के नशे में धुत एक ठेकेदार ने मजदूरों के ऊपर खौलता तेल फेंक दिया। इस घटना में 10 मजदूर झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस झुलसे मजदूरों को लेकर मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंची। इनमें तीन मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है।
घटना बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। झुलसे मजदूर मूलरूप से गांव कपिसया, थाना रतवाड़ा, जिला मधेपुरा बिहार के रहने वाले हैं। वे यहां धनीपुर मंडी में पल्लेदारी का कार्य करते हैं। घटना के वक्त ये खाना पका रहे थे।
मजदूर मिथुन कुमार ने बताया कि वह कढ़ाही में खौलते तेल में मछलियां तल रहे थे। तभी ठेकेदार मल्टू सिंह वहां पहुंचा और शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। उसने विरोध किया तो उसपर तेल फेंक दिया। शोर सुनकर उसके अन्य साथी भी कमरे से बाहर आए तो उसने उनपर कढ़ाही उठाकर खौलता तेल फेंक दिया। इसके बाद वह वहां से भाग गया।
घटना में मिथुन कुमार, अमित कुमार, मिथुन मंडल, अमरेश सिंह, सूरत सिंह, सोनू, सुरजीत सिंह, सूरत चौधरी, बादल, विकास कुमार आदि 10 लोग झुलस गए। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर मयंक कुमार ने बताया कि सुरजीत (40), सूरत चौधरी (33) और बादल (38) की हालत गंभीर है, इन तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। बाकी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इंस्पेक्टर महुआखेड़ा रविंद्र कुमार ने बताया कि शराब के नशे में हुई कहासुनी में ठेकेदार तेल फेंका था। पुलिस ने झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी ठेकेदार मौके से भाग गया है, उसकी तलाश की जा रही है।