क्वार्सी बाईपास पर कोहरे में होकर गुजरते वाहन।
- फोटो : CITY OFFICE
जिले में कड़ाके की सर्दी और शीत लहर का सितम जारी है। बुधवार की सुबह भी घना कोहरा छाया रहा। दोपहर बाद ही सूरज का दीदार हो सका। धूप निकलने के बाद भी सर्द हवाएं परेशान ही करती रहीं। जानकारों की माने तो सर्दी के यह तेवर अगले कुछ दिनों इसी तरह रहने वाला है। मौसम के संबंध में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय भूगोल विभाग के वरिष्ठ प्रो. अतीक अहमद पहले ही कह चुके हैं कि 15 जनवरी से पहले बारिश की भी पूरी संभावना है। साथ ही पूरे जनवरी महीने मौसम इसी तरह के सख्त तेवरों के साथ बना रहेगा।
बच्चों और वृद्धों को सावधानी की जरूरत
अलीगढ़। कड़ाके की सर्दी को देखते हुए चिकित्सक खासतौर से बच्चों को और वृद्धों को बेहद सावधानी बरतने का परामर्श देते हैं। मलखान सिंह जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. यशपाल रावल के मुताबिक दिए गए सुझाव।
जब तक धूप न निकल आए बुजुर्ग बाहर टहलने के लिए ना निकलें। इस तरह की सर्दी में त्वचा में एलर्जी होना स्वाभाविक है। नारियल का तेल कपूर के साथ मिक्स करके लगाएं। बच्चों के कपड़े रोज बदलते रहें। प्रतिदिन गुनगुने पानी से स्नान कराएं। अदरक का सेवन लगातार किसी न किसी तरह करते रहें। यह शरीर में तापमान को नियंत्रित बनाए रखेगा। ठंडे पानी से बचें। गुनगुने पानी को नियमित अंतराल पर पीते रहें। चाय, कॉफी, गर्म दूध आदि का लगातार सेवन करें
कांग्रेसी नेता ने अलाव और रैन बसेरे की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए
कड़ाके की सर्दी के बीच ही कांग्रेसियों ने नगर निगम की अलाव और रैन बसेरे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंजीनियर आगा यूनुस ने कहा है कि अलाव के कौन से बिंदु निर्धारित हैं और कहां-कहां पर अलाव जलाए जा रहे हैं इसका कोई हिसाब किताब नगर निगम देना नहीं चाहता है। शहर के कुछ चौराहों पर लकड़ी पटक दी जाती है तो उसको गश्त कर रहे पुलिस कर्मी या वहां के दबंग लोग कब्जा लेते हैं। इसी तरह रहने बसेरे में भी सुरक्षा आदि के कोई इंतजाम नहीं है।