एसपी सिटी को ज्ञापन सौंपते हुए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के पदाधिकारी: स्रोत स
- फोटो : samvad
यातायात समस्या और अतिक्रमण को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान चौराहों से 100 मीटर तक अतिक्रमण खत्म करने की मांग की गई। समस्याओं से संबंधित ज्ञापन एसपी सिटी आदित्य बंसल को सौंपा।
नेतृत्व करते हुए प्रदीप गंगा ने कहा कि शहर के चौराहों पर जाम का मुख्य कारण नो-एंट्री का उल्लंघन और ठेले-रेहड़ी द्वारा किया गया अतिक्रमण है। उन्होंने मांग की कि महानगर के प्रत्येक चौराहे को कम से कम 100 मीटर तक अतिक्रमण मुक्त रखा जाए। उन्होंने बिना लाइसेंस व रजिस्ट्रेशन वाले ई-रिक्शों पर रोक लगाने और उनके रूट निर्धारित करने की मांग की। व्यापारियों ने सुझाव दिया कि ई-रिक्शा की दाहिनी तरफ जाल अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि सड़क हादसों पर लगाम लग सके।
जिला वरिष्ठ महामंत्री एमए खान गांधी ने क्वार्सी, एटा चुंगी और सूतमिल जैसे प्रमुख चौराहों पर हो रही अवैध डग्गेमारी का मुद्दा उठाया। वहीं, प्रदेश संगठन मंत्री हरिकिशन अग्रवाल ने शहर में अवैध रूप से बिक रहे नशीले पदार्थों (कुट्टू, जिंजर आदि) के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने सभी मांगों पर विचार कर निराकरण कराने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन के दौरान संजीव अग्रवाल, अरुण गोयल, संतोष वार्ष्णेय, कमल गुप्ता बाबा, राकेश वार्ष्णेय, दीपक अग्रवाल आदि व्यापारी नेता उपस्थित रहे।