सीएचसी में प्रसव सेवा की स्थिति चिंताजनक है। प्रतिमाह लगभग 225 से 230 प्रसव होने के बावजूद अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ (एनस्थेटिस्ट) की तैनाती नहीं है, जिसके चलते गर्भवती महिलाओं को गंभीर जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।
सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. रोहित भाटी ने बताया कि कुल प्रसवों में से लगभग 10 प्रतिशत प्रसव ऑपरेशन (सी-सेक्शन) के माध्यम से किए जाते हैं। लेकिन अस्पताल में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ न होने के कारण तयशुदा ऑपरेशनों के लिए ऑनकॉल अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज से डॉक्टर बुलाया जाता है।
बाहर से एनेस्थीसिया विशेषज्ञ बुलाने मे्ं समय लगता है, बल्कि खर्च भी बढ़ जाता है। बड़ी समस्या आपातकालीन प्रसवों में आती है। आपात स्थिति में तुरंत एनेस्थीसिया उपलब्ध न होने पर प्रसूता को मजबूरन अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ता है, जिससे मरीज की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो जाता है। उन्होंने बताया कि एनेस्थीसिया डॉक्टर और डेंटिस्ट की मांग पहले भी उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाई जा चुकी है।