अंडला में प्रस्तावित डिफेंस कॉरिडोर की राह को अंतरराष्ट्रीय जेवर हवाई अड्डा आसान बनाएगा। अलीगढ़ के युवाओं एवं व्यापारियों के लिए बिजनेस और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। हवाई यात्रा करने वाले लोगों का कीमती वक्त भी बचेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बजट में जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए दो हजार करोड़ रुपये आवंटित किया गया है। साथ ही बजट में डिफेंस कॉरिडोर के लिए अलीगढ़ (अंडला) में जगह चिन्हित करने का उल्लेख है। केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकता सूची में जेवर हवाई अड्डा एवं डिफेंस कॉरिडोर शीर्ष पर है। इसके बनने से अलीगढ़ एवं हाथरस जनपद के लोगों के लिए भी अवसर के नए दरवाजे खुलेंगे। आवागमन के नए साधन विकसित होंगे। होटल एवं अन्य उद्योग स्थापित होंगे। जेवर अलीगढ़ की सीमा से थोड़ी दूरी पर स्थित है। टप्पल से चंद किलोमीटर दूर है। अंडला से जेवर की दूरी करीब 46 किलोमीटर के आसपास है। इसी तरह अलीगढ़ से जेवर की दूरी लगभग 65 किलोमीटर है। इसकी वजह से विदेश एवं देश के विभिन्न शहरों से आने वाले खरीदार और उद्यमी को अलीगढ़ या जेवर तक पहुंचना आसान होगा। समय की भी बचत होगी।
तालानगरी औद्योगिक विकास एसोसिएशन के महामंत्री सुनील दत्ता का कहना है कि अभी दिल्ली हवाई अड्डा तक जाने के लिए कम से कम चार घंटा लगता है। इसकी वजह से घर से पांच घंटे पहले निकलना पड़ता है। जेवर में हवाई अड्डा बन जाने से कम से कम तीन से चार घंटे की बचत होगी।