क्षेत्र के गांव बढ़ाकलां निवासी किसान विकास (38) ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का कहना है कि वह कर्ज से परेशान थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने बताया कि विकास पुत्र राजपाल सिंह शुक्रवार को घर से बाइक लेकर खेत पर गया था। उन्हें पुलिस से जानकारी मिली कि हाथरस-मुरसान रेल लाइन पर उसने जान दे दी। भाई सुनीत कुमार का कहना है कि विकास ने अपने खेत के साथ ही चाचा राजवीर सिंह फौजी की 16 बीघा जमीन पट्टे पर लेकर कर्जा लेकर आलू की फसल लगाई थी।
इस बार आलू का बाजार भाव लागत से भी बहुत कम होने से वह परेशान था और चाचा को पट्टे पर लिए गए खेत की रकम नहीं दे सका था। उसने लोगों से उधार रुपये लेकर फसल की थी। सुनीत का कहना है कि मृतक बात करते समय यह भी कहता था कि कर्जा कैसे चुकेगा। गांव के लोगों का कहना है कि प्रशासन को उनके परिजनों की सहायता के लिए आर्थिक मदद देनी चाहिए।