खैर-टैटीगांव मार्ग पर गांव भानेरा के निकट बंबे में एक छह वर्षीय बच्चे का शव मिला है। सूचना पर कोतवाली इंस्पेक्टर सुबोध कुमार और चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंच गए। शव की शिनाख्त न होने पर पुलिस ने उसे अलीगढ़ शहर स्थित शवगृह में रखवाया है।
टैटीगांव मार्ग पर भानेरा नहर पुल से करीब आधा किलोमीटर आगे इसी मार्ग पर एक बंबा है। इसमें कुछ पानी भरा है। बुधवार की सुबह करीब दस बजे कुछ ग्रामीणों ने बंबे में पुलिया के नीचे एक बच्चे का शव पड़ा देखा। इस पर पुलिस को सूचना दी।
इंस्पेक्टर सुबोध कुमार के अनुसार बच्चे के शरीर पर नीले रंग की टीशर्ट, जींस की पैंट थी। एक पैर में काले रंग का धागा तथा एक हाथ में कलावा बंधा था। कहा कि शव को कहीं और से लाकर यहां डाला गया है। आसपास के सभी थानों में सूचना भेजी गई है। शव के शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।