दादों के गांव नगला मछरिया में संपत्ति विवाद की शिकायत करना एक सेवानिवृत्त फौजी को इतना भारी पड़ा कि उसे दबंगों ने पीटा और पुलिस ने भी अपमानित कर भगा दिया।
इससे आहत सेवानिवृत्त फौजी ने एसएसपी से शिकायत कर न्याय मांगा है और न मिलने की दशा में सरकार से मिले सभी मेडल एसएसपी के दफ्तर में ही जमा करने की चेतावनी दी है।
सेवानिवृत्त फौजी प्यारे लाल की मानें तो वह परिवार के साथ रामघाट रोड क्वार्सी इलाके में रहता है। मगर गांव में संपत्ति, मकान, कृषि भूमि होने के कारण वहां आना-जाना लगा रहता है। फौजी ने बताया कि उसकी जमीन में से आम रास्ता उसने अपनी सहमति से दिया था, जिस पर कुछ लोग अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। फौजी ने इसका विरोध करते हुए थाने में शिकायत कर दी।
आरोप है कि जहां से कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद में एसडीएम से शिकायत दी तो एसडीएम ने कोतवाल दादों से आख्या तलब कर ली। इसके बाद फौजी कुछ लोगों के बुलावे पर गांव में विवाद निपटाने के लिए पहुंचा गया।
आरोप है कि जहां दबंगों ने उसे पीटा और बाद में पुलिस ने भी अपमानित करते हुए जबरन समझौता लिखवा लिया। इस मामले में पुलिस पूरी तरह उनसे मिली हुई है। उसने एसएसपी को शिकायत देकर कहा है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह सरकार से मिले सम्मान उनके दफ्तर में जमा करा देगा।
एसएसपी राजेश पांडेय ने उसकी शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई व जांच के आदेश सीओ अतरौली को दिए हैं। फौजी को आश्वस्त किया कि उसे न्याय मिलेगा।