महानगर के मैरिस रोड जनकपुरी इलाके के एक दवा कारोबारी का फोटो डीपी अपने व्हाट्सएप पर लगाकर हैकर लोगों से ठगी कर रहा है। चंडीगढ़ के एक व्यक्ति से 30 हजार रुपये की ठगी की गई है। ठगी का शिकार लोग कारोबारी की फोटो युक्त डीपी को सोशल मीडिया पर वायरल करने लगे तो खबर दवा कारोबारी तक पहुंची। अब कारोबारी ने मामले में साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है।
जनकपुरी निवासी शुभम वाधवा का अपना दवा निर्माण संबंधी कारोबार है। उन्होंने साइबर सेवा केंद्र में दी शिकायत में बताया है कि 22 जुलाई की रात उन्हें यह जानकारी मिली कि किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल नंबर के व्हाट्सएप पर शुभम दंपती के व्हाट्सएप पर लगा डीपी फोटो प्रयोग कर लिया है। उसके जरिये वह लोगों से ठगी कर रहा है। उसने चंडीगढ़ के एक व्यक्ति से ऑर्डर लेकर 30 हजार रुपये का भुगतान लेने और बाद में माल न पहुंचाने जैसी ठगी की है। जिस पर चंडीगढ़ के व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर इस व्हाट्सएप डीपी को अपलोड कर लोगों को आगाह किया है कि इस ठग से सावधान रहें। जब अपने फोटो की व्हाट्सएप डीपी शुभम ने सोशल मीडिया पर वायरल होती देखी तो वे हैरान रह गए। हालांकि उसमें जो दो मोबाइल नंबर लिखे हैं, उनका शुभम से कोई लेना देना नहीं है। जानकारी करने पर पता चला कि जिन लोगों को साइबर हैकर ठग लेता है, उन्हें बाद में ब्लाक कर देता है। इससे शुभम की छवि को गहरा धक्का लगा और उन्होंने मामले में एसएसपी कार्यालय के जरिये साइबर सेवा केंद्र में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर साइबर टीम ने जांच शुरू कर दी है।