पोखर में मगरमच्छ मिलने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
महानगर के बन्नादेवी क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी व नई बस्ती से सटी पोखर से मंगलवार सुबह मगरमच्छ बाहर सड़क पर निकल आया। इसके चलते इलाके में दहशत व भगदड़ का माहौल बन गया।
हालांकि भीड़-भाड़ देख मगरमच्छ फिर पानी में घुस गया। बाद में वन विभाग की टीम और पुलिस पहुंच गई। मगर घंटों इंतजार के बाद मगरमच्छ के बाहर नहीं निकला और बाद में टीम वापस लौट गई।
वाकया इस तरह हुआ कि नई बस्ती निवासी वहीद मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे पोखर में कपड़े धो रहा था। इसी बीच मगरमच्छ पोखर के किनारे आ गया। वहीद की नजर मगरमच्छ पर गई तो उसके होश उड़ गए।
यह देख उन्होंने शोर मचा दिया। देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ देख मगरमच्छ फिर से पोखर में चला गया।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम और पुलिस को खबर कर दी। खबर पर यहां पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का घंटों इंतजार किया, लेकिन भीड़ अधिक होने की वजह से वह दोबारा बाहर नहीं आ सका। इसे लेकर पूरे दिन लोगों में चर्चा होती रही।