थाना पालीमुकीमपुर के गांव चंदियाना रामपुर में दहेज के लिए ससुरालियों ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। पहले तो ससुरालियों ने बदमाशों का हमला बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। बाद में पुलिस के सामने सारी कहानी उजागर हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पति, सास, ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
थाना दादों के गांव अचला नगला निवासी लालजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी अनीता की शादी छह साल पहले पालीमुकीमपुर के गांव चंदियाना रामपुर निवासी विकास पुत्र नरेश के साथ की थी। अनीता और विकास के दो बच्चे भी हैं। लेकिन ससुराली दहेज के लिए अनीता का उत्पीड़न करते थे।
अनीता की परेशानी को देखते हुए उन्होंने कुछ दिन पहले भैंस भी ससुराल भिजवा दी, लेकिन दहेज में नकदी की मांग कम नहीं हो रही थी। ससुराली अनीता के साथ मारपीट करते हुए लगातार उत्पीड़न करते रहे। कई बार समझाया भी मगर वह नहीं माने।
आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर अनीता की कनपटी पर तमंचा से गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ससुरालियों ने बदमाश आने का हल्ला मचा दिया। इस सूचना पर एसओ सुभाष यादव मय फोर्स के तत्काल मौके पर पहुंच गए।
लोगों से पुलिस ने पूछताछ की तो कुछ ही देर में सच्चाई सबके सामने आ गई। मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पर नायब तहसीलदार अजीत कुमार भी मौके पहुंचे, उनकी मौजूदगी में पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
एसओ सुभाष यादव ने बताया कि इस मामले में पति विकास, ससुर नरेश, सास राजनश्री, देवर सज्जन, चचिया ससुर कश्मीर सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।