हादसे में महिला की मौत, पति समेत दो घायल, बवाल
- फोटो : Dig Vishal
जीटी रोड पर पनैठी धनीपुर हवाईपट्टी के मध्य सोमवार देर रात मोपेड सवार दंपती सहित तीन लोगों को पीछे से आते ट्रक ने रौंद दिया। इस दुर्घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। इस हादसे पर गुस्साई भीड़ ने जीटी रोड पर हंगामा करते हुए ट्रक सहित अन्य वाहनों पर पथराव कर ट्रक क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे कुछ देर के लिए वहां जाम लग गया। खबर पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित कर हालात काबू किए।
वाकये के अनुसार गांव भदेसी गांधीपार्क के मजदूर श्यामबाबू के बेटे विक्रम की 20 जुलाई को शादी होनी है। सोमवार सुबह वह भात का न्यौता देने मोपेड से अपनी ससुराल जमालपुर सिकंदराराऊ गया था। उसके साथ 45 वर्षीय पत्नी भाग्यवती के अलावा दूसरे बेटे दीपक का साला आशू पुत्र शैलेंद्र निवासी गोपी अकराबाद भी मोपेड पर सवार थे। देर रात करीब 9.45 बजे वह तीनों भदेसी वापस रहे थे।
तभी क्वार्सी अकराबाद के बार्डर पर गांव खानगढ़ी के सामने जीटी रोड पर पीछे से आते ट्रक ने मोपेड रौंद दी, जिससे मोपेड सवार तीनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। राहगीरों को एकत्रित होता देख चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। वहां गुस्साई भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया।
कुछ युवकों ने ट्रक पर पथराव कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। अन्य वाहनों पर भी ईंट-पत्थर फेंके गए। इससे वहां कुछ देर को जाम लग गया। इसी बीच सूचना पर क्वार्सी, अकराबाद व गांधीपार्क थानों की पुलिस पहुंच गई। एक तरफ भीड़ को नियंत्रित कर यातायात सुचारू कराया गया। हंगामा कर रहे युवकों को पुलिस को खदेड़ना पड़ गया। घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। जहां भाग्यवती को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर क्वार्सी संजीव दुबे के अनुसार शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। ट्रक कब्जे में है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
मां की मौत से शादी की खुशियां काफूर
जिस घर में आने वाले दिनों में शादी होनी है, उस घर में तैयारियां जोरों पर थीं और खुशियों का माहौल था। देर रात जैसे ही मां की मौत की खबर मिली परिवार में खुशियां काफूर हो गईं। तैयारियां जहां की तहां रुक गईं। परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मां की मौत की खबर पर दूल्हा बनने जा रहा बेटा भी बेहाल था।