सूबे में साधु वेष धारियों की धमक के बाद अलर्ट जारी है। मगर इस अलर्ट के बीच हाईवे के लुटेरों ने पुलिस की नाक में दम कर रखा है। पिछले 24 घंटे में लूट की दो वारदातों को अंजाम देकर लुटेरों ने इस अलर्ट की पोल भी खोलकर रख दी।
एक वारदात हाईवे बाईपास पर बौनेर के पास हुई, जहां से बोलेरो चालक को बदमाश अगवा कर ले गए और इगलास में फेंक दिया गया। दूसरी वारदात ऐलाना मीट फैक्ट्री के पास हुई। यहां से बदमाशों ने ट्रैक्टर लूटा है। खास बात है कि पहली घटना में पुलिस शहर विधायक के दखल पर 24 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में आई है।
बौनेर से बोलेरो चालक अगवा, गोरई में फेंका
इस घटना के विषय में मिली जानकारी के अनुसार महिंद्रा की बोलेरो ब्रांड जीप का ग्वालियर से संचालित कंपनी का हरिद्वार में बड़ा डिपो है। यहां से शुक्रवार रात लखनऊ के लिए गाड़ियों की लॉट जा रही थी। एक गाड़ी को ग्वालियर निवासी चालक अमित गौतम लेकर जा रहा था, जिसने लालच में खुर्जा-गभाना के आसपास से सवारियां बैठा लीं।
जैसे ही यह गाड़ी लेकर रात में हाईवे बाईपास पर गांधीपार्क क्षेत्र में बौनेर के पास पहुंचा, तभी बदमाश हरकत में आ गए और इसके सिर पर तमंचे की बट मारकर बेहोश कर दिया। इसके बाद जब उसे सुबह सात बजे होश आया तो वह इगलास के गोरई क्षेत्र में पड़ा था और बदमाश उसकी गाड़ी लूट ले गए थे।
खास बात है कि उसे खुद यूपी-100 की पीआरवी स्टाफ ने देखा और अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में इलाज के बाद इगलास पुलिस ने उसे टहलाना शुरू कर दिया। कभी उसे बाईपास मोड़ के बहाने हाथरस के चंदपा थाने तो कभी गांधीपार्क थाने भेजा। इधर, कंपनी ने उसकी मदद के लिए ग्वालियर से शनिवार शाम को दूसरा चालक भी भेज दिया।
वह भी इसी तरह भटकता रहा। चंदपा व गांधीपार्क पुलिस ने उसे डीजीपी का आदेश दिखा दिया कि जहां बेहोश मिला, वहीं मुकदमा होगा। इगलास पुलिस कहने लगी कि मुकदमा तो यहां नहीं होगा। किसी तरह रविवार दोपहर वह शहर विधायक संजीव राजा के पास मदद को पहुंचे। तब देर शाम इगलास पुलिस मुकदमे की तैयारी में आई।
कार सवार बदमाश लूट ले गए ट्रैक्टर
इस घटना के विषय में बताया गया कि वियजगढ़ क्षेत्र के गांव गोकुलपुर निवासी योगेंद्रपाल सिंह का ट्रैक्टर उनका चालक कुशलपाल सिंह चला रहा था। वह शनिवार रात किसी काम से ट्रैक्टर लेकर गभाना गया था।
आधी रात को वहां से लौटते समय कार सवार बदमाशों ने देहली गेट क्षेत्र में ऐलाना मीट फैक्ट्री के सहारे बाईपास पर ओवरटेक कर रुकवा लिया और मारपीट कर उसे कार में डाल लिया। एक युवक ट्रैक्टर लेकर वापस गभाना की ओर लौट गया, जबकि बदमाशों ने कुशलपाल को मडराक के पास फेंक दिया। बाद में किसी तरह बंधनमुक्त होकर उसने अपने मालिक व पुलिस को सूचना दी। एसओ देहली गेट के अनुसार इस लूट के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
जहरखुरानों ने भी मचाई धमाचौकड़ी, तीन लूटे
महानगर में जहरखुरान भी लगातार पुलिस को चुनौती दे रहे हैं और वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बीती रात जहरखुरानों ने एएमयू में बीएससी की परीक्षा देने आए छात्र सहित तीन को लूट लिया। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फरीदाबाद के अंबेडकर नगर निवासी छात्र असलम पुत्र जुबैर के अनुसार उसे मसूदाबाद बस स्टैंड पर नशीली कोल्डड्रिक पिलाकर बेहोश किया गया। उसे पुलिस ने भर्ती कराया। जहां होश आने पर पता चला कि 2 हजार रुपये मोबाइल आदि लूट लिया।
सी तरह आगरा के जोगी का वास हसनपुर निवासी फैक्ट्री मजदूर अनोखी लाल के अनुसार वह चंडीगढ़ से लौट रहा था। यहां उसे आगरा के लिए जाते समय नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर बेहोश किया गया। उससे दस हजार रुपये, मोबाइल, कपड़ों का बैग लूटा गया। इसी तरह क्वार्सी से सवारियां लेकर आ रहे टिर्री चालक को रात मीनाक्षी पुल के नीचे बेहोश कर टिर्री लूट ली गई। उसे बस स्टैंड पर बेहोशी की हालत में फेंक गए।