महानगर के क्वार्सी इलाके के मंजूरगढ़ी चौराहे के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दो बाइक सवारों को रौंद दिया, जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी सहित फरार हो गया। परिजनों ने मंजगूरगढ़ी चौराहा पर शव को रख आधा घंटे तक जाम लगाए रखा। पुलिस ने पहुंचकर परिजनों को समझाकर शांत किया और चालक को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया।
हरीश चंद पुत्र हरपाल निवासी मंडनपुर, अकराबाद अपने साडू राधेश्याम के साथ अपने भाई ओमप्रकाश की बेटी की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटने को गुरुवार रामगढ़, पंजीपुरी को घर से निकले थे। वाकये के अनुसार घर लौटने पर रात होने के कारण वह रामगढ़, पंजीपुर में स्थित अपनी बहन की ससुराल में ही रुक गए। शुक्रवार सुबह वहां से लौटकर आ रहे थे। क्वार्सी के मंजूरगढ़ी चौराहा पर पहुंचते ही एक अनियंत्रित तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि हरीश चंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि बाइक पर सवार उनके साडू राधेश्याम गंभीर रुप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इधर, राहगीरों ने दोनों को उठाया। राधेश्याम की जानकारी पर राहगीरों ने परिजनों को हादसे की जानकारी दी। लगभग सुबह 8:30 बजे परिजन मौके पर पहुंच गए। इधर, पुलिस भी मौके पर आ गई। उन्होंने घायल राधेश्याम को तत्काल जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। वहीं, हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने हरीश चंद के शव को सड़क पर रख जाम लगा दिया। पुलिस के समक्ष मुआवजा और चालक को पकड़ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।