दुर्घटना की जानकारी करते एसडीएम रविप्रकाश श्रीवास्तव, एसएसआई।
- फोटो : अलीगढ़/ब्यूरो
हाथरस मार्ग पर गांव सीतापुर के निकट दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल को उपचार के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।
जिला मथुरा के थाना सुरीर के गांव राजा की गढ़ी निवासी राकेश (32) पुत्र भूरी सिंह अपनी पत्नी रामवती के साथ कोतवाली क्षेत्र के गांव कजरौठ में अपने नाना गजाधर सिंह के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था। वहीं, हाथरस के गांव कोकना निवासी रजनीकांत (18) पुत्र मुन्नालाल कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहनपुर में अपनी बुआ के यहां आया हुआ था।
नगर से एक किलोमीटर दूर गांव सीतापुर के सामने स्थित भट्ठे के पास दोनों की बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जिसमें बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी और दुर्घटना में दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल रामवती को उपचार के लिए एंबुलेंस से अलीगढ़ भिजवाया गया है। घटना के लगभग एक घंटे बाद एसडीएम रविप्रकाश श्रीवास्तव, कोतवाल राजवीर सिंह मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच घटना की जानकारी की।