दो अलग-अलग स्थानों पर मंदिरों से चोरों ने हजारों रुपये की संपत्ति साफ कर दी। पिछले 10 दिनों में एक दर्जन से अधिक मंदिरों में चोरी की घटनाएं प्रकाश में आई हैं।
थाना बन्ना देवी के सराय लवरिया में हैप्पी चिल्ड्रर्न स्कूल के सामने भोलेश्वर नाथ मंदिर में चोरों ने हजारों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।
शुक्रवार को सराय लबरिया स्थित भोलेश्वर नाथ मंदिर का जब सुबह के समय पुजारी ने दरवाजा खोला तो देखा कि सारे ताले टूटे पड़े हैं। मंदिर के पुजारी मुनेश भारद्वाज व मंदिर सेवक का कहना है कि पहला गेट तोड़कर दूसरे गेट का ताला तोड़कर मंदिर के अंदर से पीतल के दो घंटे, उसकी सांकरें, साउंड सिस्टम व कलश दानपात्र सहित सैकड़ों रुपयों के सिक्के भी चोरी कर लिए गए हैं। दूसरी तरफ सराय हकीम स्थित कुंआ वाले हनुमान मंदिर से भी सुबह पांच बजे जैसे ही मंदिर के पुजारिन भग्गो देवी ने मंदिर खोला तो उसके दरवाजे पर ताला ही नहीं था। अंदर मंदिर का सब सामान बिखरा पड़ा था। भग्गो देवी का कहना है रात को कुछ लोग वहां शराब पीकर आते हैं। मंदिर के पास खडे़ होकर गाली गलौज करते हैं। चोरों ने मंदिर में रखे टिफिन और कुछ दिन पहले आए नए बर्तनों को भी नहीं छोड़ा है। चोरी के संबंध में लैपर्ड को सूचना देकर सारी बातें बताईं। रिपोर्ट भी लिखवा दी है। सराय हकीम के निवासी विशाल देशभक्त का कहना है कि दोनों मंदिर की चोरियों की वारदातें ही नहीं, शहर के अंदर चोरों का खौफ भी बढ़ता जा रहा है।
बस में चोरी की रिपोर्ट तक नहीं लिख रही पुलिस
रोडवेज बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मिली भगत से चलती बस में से दंपती के बैग में से नगदी और जेवर चोरी होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने गांधी पार्क पुलिस चौकी पर गुरुवार को तहरीर दे दी थी लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा रही है। थाना सिविल लाइन के कबीर कालोनी में रहने वाले राशिद अल बरकात स्कूल में हॉकी के कोच हैं। राशिद अपनी पत्नी सबीना राशिद के साथ गुरुवार को एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए कोटा जा रहे थे। इसके लिए वह परिवार सहित मथुरा ट्रेन पकड़ने जा रहे थे। जब राशिद गांधी पार्क बस स्टैंड पहुंचे तो एक बस में चढ़े। बस में चार पांच लोग पहले से संदिग्ध अवस्था में बैठे थे, जिन्हें देखकर वह बस से उतर गए और दूसरी बस में चढ़ गए। वह संदिग्ध लोग दूसरी बस के ड्राइवर के पास आकर बात करने लगे और थोड़ी देर में बस चलने पर बस में ही बैठ गए। राशिद ने बैग को आगे रख लिया। संदिग्ध लोग इगलास पर उतर गए। बाद में राशिद को शक हुआ तो बैग चेक किया। उन्होंने पाया कि बैग से हजारों रुपये की नगदी और सोने चांदी के जेवर गायब थे। इस बात की सूचना उन्होंने वापस आकर गांधी पार्क चौकी पर दी। साथ ही तहरीर भी दी। लेकिन पुलिस ने अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
मारपीट कर चूड़ी विक्रेता से पचास हजार लूटे
खैर के नयाबास नहर की पटरी पर शुक्रवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक चूड़ी विक्रेता से पचास हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर चूड़ी विक्रेता को घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन बदमाश भाग चुके थे। थाना गोंडा के गांव मजूपुर निवासी साबिर पुत्र नूर खां चूड़ी बेचने का काम करते हैं। उनके अनुसार पिछले दिनों खैर मंडी में अपना धान बेचा था। इस बिक्री पर चेक के जरिए भुगतान मिला था। शुक्रवार को वह खैर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में चेक से कैश लेने पहुंचे थे। बैंक से रुपये लेकर वह शाम चार बजे बाइक से गांव जा रहे थे। नयाबास नहर की पटरी पर गांव छज्जूनगला से आगे दो बाइक पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। तमंचे की बट से कनपटी पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। उनकी जेब में रखे पचास हजार दो सौ पचास रुपये, मोबाइल, शैक्षिक प्रमाण पत्र लूटकर ले गए। तीनों बदमाश अपनी एक बाइक छोड़कर की ही बाइक से भाग निकले। थाना प्रभारी अर्पित कपूर ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।