महानगर के ब्रह्मनपुरी में तीन फरवरी को सर्राफ को गोली मारकर लूट की घटना में पुलिस ने शनिवार देर रात दो बदमाशों के स्क्रैच जारी कर दिए। तीसरे का हुलिया सही ढंग से न बता पाने के कारण उसका स्क्रैच जारी नहीं हो सका।
पुलिस ने इन स्क्रैचों को जारी करते हुए गिरफ्तारी कराने वाले को दस हजार रुपये के इनाम की घोषणा के साथ सम्मानित करने का भी ऐलान किया है।
एसओ सासनी गेट विनोद कुमार के अनुसार शंकर हरि माहेश्वरी संग हुई लूट के मामले में आगरा से बुलाए गए स्क्रैच बनाने वाले की मदद से पीड़ित द्वारा बताए गए हुलिया के आधार पर यह स्क्रैच जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि एसएसपी स्तर से संस्तुति की गई है कि जो भी इन स्क्रैच के आधार पर आरोपी को पकड़वाएगा, उसे दस हजार रुपये का इनाम व सम्मानित किया जाएगा।
बता दें कि 3 फरवरी को दुपहर में घर से दुकान जाते समय बराई स्ट्रीट निवासी सर्राफ संग यह घटना हुई थी। तभी से गोली से जख्मी सर्राफ का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।