गंभीरपुरा में शव की तलाश में कब्र को खोदते पुलिसकर्मी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूराे
महानगर के सासनी गेट गंभीरपुरा इलाके से एक साल से लापता युवती की उसके प्रेमी ने गायब होने के तीसरे दिन ही दोस्त की मदद से हत्या कर दी और शव को जला दिया। यह खुलासा अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हुआ। युवक की मानें तो शादीशुदा होने के कारण युवती शादी की जिद पर थी और दोस्त संग रिश्ते बनाने की बात भी नहीं मान रही थी। इसी के चलते उसे मारा गया। पूछताछ व खुलासे के बाद शाम को पुलिस ने दोनों को रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
एसओ सासनी गेट विनोद कुमार के अनुसार गंभीरपुरा की दो सगी बहनें 18 फरवरी 2015 को गायब हुई थीं। इस संबंध में परिजनों की ओर से दर्ज मुकदमे में पड़ोसी वाल्मीकि बस्ती के शनी नाम के युवक को आरोपी बनाया गया। हालांकि मार्च माह में छोटी बहन लौट आई और उसने अपने बयानों में बड़ी बहन का कोई जिक्र नहीं किया। खुद को लेकर यही बताया कि वह मौसी के यहां घूमने चली गई थी। यही बात उसने अदालत में बताई। मगर बड़ी का सुराग न लगा और शनी भी फरार ही रहा। लगातार चली जांच व शनी की तलाश के बाद पता चला कि वह गाजियाबाद में रह रहा है। इस पर पुलिस ने गाजियाबाद में घेराबंदी की तो शनिवार को उसे दबोच लिया गया।
थाने लाकर पूछताछ में उसने बड़ी बहन से अपने प्रेम संबंध, दोस्त दीपक से रिश्ते बनाने की बात पर इंकार करने पर हत्या करना स्वीकारा। इस पर दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। चूंकि दीपक शमशान गृह में काम करता है। इसलिए बताया कि शमशान में ही उसकी हत्या कर पहले शव दफन किया गया और दूसरे दिन उसे निकालकर जला दिया गया। शनी का कहना था कि वह पहले से शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। युवती उस पर शादी का दबाव बना रही थी। इधर, दीपक ने भी उसके साथ रिश्ते बनाने का प्रस्ताव रखा था। एसओ ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया।