फर्जी आईएएस और आईपीएस अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले बाप-बेटे ने यूपी के अलावा दूसरे राज्य में भी ठगी का जाल फैला रखा था। यह बात उस ट्रेवल एजेंसी के मालिक ने पुलिस अधिकारियों को बताई है, जिसकी किराए की गाड़ी लखनऊ से लेकर वह यहां आए थे। ट्रेवल एजेंसी के मालिक ने बताया कि ये लोग अन्य ट्रेवल एजेंसियों की गाड़ियां भी दूसरे राज्यों तक ले जाते रहे हैं।
मंगलवार को अलीगढ़ पुलिस ने लखनऊ के रहने वाले अनुज चावला और उसके पिता राजेंद्र चावला को थाना बन्नादेवी क्षेत्र से गिरफ्तार किया था। दोनों स्वयं को आईपीएस अधिकारी बताकर प्रचारित करते थे। अब शादी संबंध आदि के नाम पर मोटी रकम झपटने वाले बाप बेटे की गिरफ्तारी के बाद उनके बारे में नई-नई जानकारियां निकल कर आ रही हैं।
बृहस्पतिवार को जिस किराये की गाड़ी टोयोटा क्रिस्टा का यह लोग इस्तेमाल कर रहे थे, उसका मालिक अलीगढ़ आकर पुलिस अधिकारियों से मिला। यादव ट्रेवल्स के मालिक एसपी यादव ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि लखनऊ में जहां पर इनकी आलीशान कोठी है, वहां नेम प्लेट पर राजेंद्र चावला के नाम के आगे आईएएस और उनके बेटे अनुज चावला के नाम के आगे आईपीएस लिखा हुआ है। इसी से वह इनके झांसे में आ गया।
इनकार करने का मतलब बड़े अधिकारियों की नाराजगी मोल लेना था। इसी के चलते उसने अपनी गाड़ी और ड्राइवर इनके साथ कर दिया। उसे क्या मालूम था कि ये लोग फर्जी हैं। एसपी यादव ने बताया कि ये लोग अन्य ट्रेवल एजेंसियों की गाड़ियां भी अलग-अलग शहरों में ले जाते रहे हैं।
इधर, अब पुलिस इस बात पर काम कर रही है कि ये किराये की गाड़ियां लेकर किन-किन शहरों में लेकर गए। उन शहरों में कौन-कौन लोग ठगी का शिकार हुए। जिन जिन शहरों के नाम प्रकाश में आ रहे हैं, अलीगढ़ पुलिस ने उन शहरों के पुलिस अधिकारियों से संपर्क करना शुरू कर दिया है।
ट्रेवल एजेंसी के मालिक ने अपनी गाड़ी छोड़ने के लिए पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया। इस मामले में सीओ द्वितीय पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि ठग बाप-बेटों के संपर्कों को खंगाला जा रहा है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।