फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाप की आंखों के सामने उजड़ा बेटे का परिवार 

Wed, 22 Nov 2017 02:03 AM IST
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़।
विज्ञापन
बाप की आंखों के सामने उजड़ा बेटे का परिवार  - फोटो : Dig Vishal
विज्ञापन
आगरा रोड हादसे में तेज रफ्तार बस का शिकार बने मुकेश, उसकी पत्नी मंजू और दोनों बेटों का मंगलवार शाम अंतिम संस्कार किया गया। इस हादसे बाद मुकेश के पैतृक गांव वीर सिंह पुरा में मातमी सन्नाटा छा गया है। पड़ोसियों के घर खाना तक नहीं बना। इधर, मुकेश के पिता जीवनलाल ने एफआईआर में लिखवाया है कि मुकेश की बाइक आगे चल रही थी। दस मिनट की दूरी पर वह अपने दामाद के साथ दूसरी बाइक पर थे। उन्होंने हादसा अपनी आंखों से देखा है। 
विज्ञापन


मुकेश के पिता का नाम जीवनलाल और मां का नाम शकुंतला है, जो खैर क्षेत्र के मटर प्लांट में काम करते हैं और वहीं रहते हैं। अतरौली तहसील का गांव वीर सिंहपुर इनका पैतृक गांव है, जहां सात बीघा खेती परिवार का दूसरा आसरा है। मुकेश दो बहन और दो भाइयों में सबसे छोटा था। बड़ा भाई बच्चू गांव में खेतीबाड़ी करता है। बहन विमलेश और रीना की शादी हो चुकी है। मुकेश 15 साल पहले अलीगढ़ में आकर सेल्समैन बन गया और फायर ब्रिगेड कालोनी में रहने लगा। 

सोमवार को मुकेश अपने ममेरे भाई की शादी के बाद आगरा रोड स्थित उत्सव फार्म हाउस से लौट रहा था। हादसे के बाद चारों शव सोमवार देर रात पोस्टमार्टम घर पहुंचाए गए। खबर पर परिवार और नातेदार इकट्ठा हुए। बन्नादेवी के घर से लेकर अतरौली के गांव तक कोहराम मच गया। सभी शवों का मंगलवार शाम वीरसिंह पुरा में अंतिम संस्कार कर दिया गया।   
विज्ञापन

ऐसे हुआ था हादसा 

सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे महानगर से चार किमी दूर आगरा रोड पर गांव पड़ियावली के पास चौधरी टूर एंड ट्रैवल्स गैलेक्सी होटल आगरा रोड हाथरस की बस नंबर यूपी 81 आर 9274 ने अपने आगे चल रही डिस्कवर बाइक नंबर यूपी 81 यू 6639 को रौंद दिया। जिस पर सवार मुकेश (37) उसकी पत्नी मंजू (34), बेटे दीपक (9) व यश (3) की मौत हो गई।

मुकेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाइक से फायर ब्रिगेड कालोनी बन्ना देवी स्थित अपने किराए के घर पर वापस आ रहा था। ये सभी लोग ममेरे भाई की शादी से लौट रहे थे। आगरा रोड स्थित उत्सव फार्म हाउस में शादी थी। इस दर्दनाक हादसे में मौके पर ही मुकेश व यश की मौत हो गई, जिला अस्पताल में मंजू को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि दीपक ने जेएन मेडिकल कॉलेज पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया था। 

हादसे में मारे गए मुकेश के पिता जीवनलाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बस मालिकों का पता लगाया जा रहा है। अज्ञात ड्राइवर अब तक फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। 
विज्ञापन

- संजीव दुबे, एसओ मडराक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें