हाथरस गेट क्षेत्र की कृष्णा नगर कॉलोनी में बदमाश एक मकान से सात किलो चांदी, पचास ग्राम सोना व अन्य आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। बदमाशों ने इस वारदात को तब अंजाम दिया, जब परिवार के लोग सो रहे थे। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो उन्हें इस घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन की। इस मुकदमे की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है। इस सिलसिले में कोतवाली निरीक्षक हाथरस गेट मुनीशचंद का कहना है कि घटना को लेकर छानबीन की जा रही है।
शहर में सिकंदराराऊ रोड पर कृष्णा नगर कॉलोनी में राजेंद्र कुमार उर्फ राजू वर्मा की मधुगढ़ी में ज्वेलरी की दुकान है। राजू वर्मा के यहां पहले भी दुकान में चोरी हो चुकी है। ऐसे में वह अपनी दुकान से ज्यादातर जेवरात आदि सामान घर ले आते हैं। शुक्रवार की रात्रि में भी वह दुकान से सामान घर ले आए और इसे नीचे के कमरे में रख दिया।
वह अपने अन्य परिजनों के साथ घर की छत पर सो गए। राजू वर्मा की मानें तो रात्रि में बाउंड्री फलांग कर छत के सहारे बदमाश घर में घुस आए। इन बदमाशों ने कमरे में रखा सोना, चांदी, जेवरात, कुछ सामान वहां से चोरी कर लिया। राजू के मुताबिक बदमाश घर से सात किलो चांदी, पचास ग्राम सोना व अन्य आभूषण के अलावा 16 हजार रुपये नगद और करीब 70 हजार रुपये का सामान चुराकर ले गए। सुबह जब चार बजे राजू के बेटे का जिम जाने के लिए उठा और तो उसे कमरे में सारा सामान अस्त-व्यस्त था। बाहर का दरवाजा भी खुला था। वहां भीड़ लग गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की।