महानगर के सासनी गेट पला साहिबाबाद इलाके में शुक्रवार को एक माह तक 14 साल की किशोरी संग रिश्ते के जीजा द्वारा दुष्कर्म किए जाने और किशोरी के गर्भवती होने का मामला प्रकाश में आया है। यह प्रकरण परिवार के उस समय संज्ञान में आया, जब किशोरी के पेटदर्द की शिकायत पर डॉक्टर को दिखाया गया।
यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन शिकायत पुलिस से हुई। पुलिस ने फिलहाल किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। वहीं मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद आरोपी गायब हो गया है। जिसकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
पला साहिबाबाद इलाके में पीतल मूर्ति ढलाई की मजदूरी करने वाले परिवार से ताल्लुक रखने वाली 14 साल की किशोरी को बृहस्पतिवार रात में पेट दर्द की शिकायत हुई। इस पर किशोरी के परिजनों ने रात को तो पास के ही एक डॉक्टर से दवा ले ली। मगर उससे राहत न मिलने पर शुक्रवार को दिन में एक नर्सिंग होम में किशोरी को दिखाया गया। जहां पता चला कि किशोरी गर्भवती है।
यह सुन परिजनों की सांस अटक गई। जब किशोरी से पूछा गया तो उसने पूरा भेद खोल दिया। आनन-फानन किशोरी को थाने ले जाया गया। जहां पुलिस पूछताछ में किशोरी ने बताया कि पिछले करीब एक माह से उसका पड़ोसी रिश्ते का जीजा उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है।
उसने बताया कि रात को छत पर सोते समय एक दिन वह आ गया था और उसे बातों में उलझाकर अपने साथ नीचे ले गया। इसके बाद से खुद किशोरी को व मां-बाप की हत्या की धमकी देकर डराकर उसके साथ यह सब कर रहा है। उसने दहशत के चलते किसी को कुछ नहीं बताया।
एसओ सासनी गेट विनोद यादव के अनुसार किशोरी को परीक्षण के लिए भेजा गया है। मेडिकल परीक्षण में जो भी स्पष्ट होगा, उसके आधार पर व अदालत में बयान दर्ज कराने के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिवार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी गायब है।