मारपीट में घायल निखिल वार्ष्णेय राहुल वार्ष्णेय।
- फोटो : Rupesh
महानगर के देहलीगेट क्षेत्र में देहली गेट चौराहे के पास मंगलवार रात ढाबे पर खाना खाने के दौरान हुए विवाद में युवाओं के दो गुटों में मारपीट के बीच जमकर लाठी डंडे चल गए। इस झगड़े में तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जबकि कुछ लोग पुलिस ने हिरासत में लिया है।
देहलीगेट सराय हकीम के राहुल वार्ष्णेय अपने कुछ दोस्तों संग मंगलवार की रात देहली गेट के शर्मा ढाबे पर खाना खाने गए थे। यहां उसी इलाके के कुछ युवक खाना खा रहे थे। आरोप है कि वह बेवजह शोर मचा रहे थे। इस पर राहुल पक्ष ने उन्हें शोर मचाने पर टोका तो वहां विवाद में कहासुनी शुरू हो गई।
कुछ ही देर में दूसरे पक्ष ने अपने अन्य साथी बुला लिए और राहुल आदि के साथ ढाबे के बाहर लाठी डंडों से जमकर मारपीट की। इससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चौराहे पर शोर मचने पर थाने से पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख हमलावर भाग गए। देर रात पुलिस ने राहुल व उसके अन्य घायल साथियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थाना पुलिस के अनुसार मामले में कुछ लोग हिरासत में लिए हैं। बाकी तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।