स्क्रैप गोदाम कमेला रोड पर फैक्ट्री में कर्मचारियों को बंधक बनाकर की गई लूट के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : amar ujala
महानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में कमेला रोड पर स्क्रैप गोदाम में शनिवार रात सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने यहां सो रहे मजदूरों को बंधक बनाकर उनसे नकदी आदि लूटी। इसके बाद गोदाम में खड़ी मेटाडोर और उसमें 18 पुराने टायर, दो बैटरा लेकर चले गए। जाते-जाते बदमाश मजदूरों को गोली मारने की धमकी दे गए। बदमाशों की संख्या चार-पांच बताई गई है। मगर अंदर तीन बदमाश ही देखे गए थे। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर तो दे दी है, मगर आरोप है कि पुलिस तहरीर को बदलने का दबाव बना रही है।
देहली गेट इलाके के छंगा मस्जिद निवासी मो. जावेद का कोतवाली के कमेला रोड पर स्क्रैप का गोदाम है। पहले यहां पशुओं का कटान होता था, लेकिन वर्तमान में प्रदेश सरकार की सख्ती से चलते यह स्क्रैप के गोदाम में तब्दील हो गया। इसके साथ ही आसपास की फैक्ट्री में काम करने वाले कुछ मजदूर भी यहां रात को सो जाते हैं। शनिवार-रविवार की रात को यहां देवेंद्र, निसार, गुड्डू, छोटू, मुस्साद, नसीम सो रहे थे। तभी वहां तीन-चार सशस्त्र बदमाशों ने प्रवेश किया। आते ही उन्होंने हथियारों के बल पर यहां सो रहे सभी लोगों से करीब 8-10 हजार रुपये की नकदी लूट ली।
इसके बाद उनके ऊपर चादर डाल दी और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। बदमाशों ने गोदाम में खड़ी मेटाडोर में 18 पुराने टायर, दो बैटरा को लादकर चले गए। इनके जाने के बाद लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग आए। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। सूचना पर गोदाम का मालिक भी पहुंच गए। गोदाम स्वामी ने लूट की तहरीर पुलिस को दी, लेकिन कोतवाली पुलिस तहरीर बदलने का दबाव बना रही है। इंस्पेक्टर के अनुसार मामले में तहरीर के आधार पर जांच व कार्रवाई की जा रही है। तहरीर बदलने के दबाव का आरोप गलत है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए मेटाडोर सवार बदमाश
स्क्रैप गोदाम में बदमाशों की वारदात के बाद मेटाडोर लेकर जाते बदमाश पास ही स्थित एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पुलिस ने इस सीसीटीवी को देखने के बाद अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर आगे की जांच में जुट गई है।