महानगर के क्वार्सी इलाके में बेखौफ घूमते बदमाशों ने रात फिर धमाचौकड़ी मचाई। इलाके की संगम विहार कॉलोनी से चोर सेवानिवृत्त फौजी कारोबारी के मकान से 15 लाख के जेवरात-नकदी चोरी कर ले गए। वारदात के समय परिवार सोता रह गया और उन्हें चोरों के आने का अहसास तक न हुआ। चूंकि घर में कहीं से घुसने का रास्ता नहीं है, इसलिए अंदाजा है कि वारदात को अंजाम देने से पहले एक चोर किसी समय दरवाजा खुला होने पर पहले से घर के टॉयलेट में बंद हो गया था, जिसने बाद में अपने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। सुबह खबर पर हरकत में आई थाना पुलिस हमेशा की तरह लकीर पीटती नजर आई।
सेना से सेवानिवृत्त संगम विहार निवासी राजकुमार चौहान आरसीएम कंपनी की फ्रेंचाइजी चलाते हैं। वह रात नौ बजे बेटे सुमित के साथ दफ्तर से घर आए। वह गेट खुलवा कर वह मोबाइल पर बतियाते हुए अंदर चले गए, जबकि सुमित किसी काम से स्कूटी को बाहर खड़ी कर पैदल-पैदल गली के गली के बाहर आ गया। अंदेशा है कि इस दौरान गेट खुला देख चोर अंदर घुस गया और टॉयलेट में छिप गया। कुछ देर बाद वह टॉयलेट गए तो दरवाजा अंदर से बंद था।
उन्होंने सोचा कि शायद बेटा अंदर होगा। इसलिए वह लौट गए। इसके बाद रात में परिजन खाना खाने के बाद कूलर वाले रूम में सो गए और उनकी बेटी शोभा देर रात तक टीवी देखती रही। रात में मूवी पूरी देखने के बाद वह भी उसी कमरे में आकर सो गई। इसके बाद चोर हरकत में आया और उसने अपने साथियों को अंदर बुलाकर पूरा घर खंगाल डाला। चोर यहां से जेवर के अलावा 22 हजार की नकदी व दो मोबाइल फोन ले गए।
सुबह तीन बजे उनका बेटा दौड़ लगाने के लिए जागा तो कमरे में सामान फैला देखा तब घटना का पता चला। चोर एक सूटकेस भी ले गए थे, जो गली के बाहर नाले के पास खाली मिला। उसमें मकान के कागजात आदि थे। तब इस चोरी की सूचना पुलिस को दी तो चार बजे करीब पीआरवी और बाद में क्वार्सी पुलिस भी आ गई। दोपहर में फॉरेंसिक टीम भी पहुंची।
पीड़ित के अनुसार चोर उनके घर से 16 लेडीज अंगूठी, चार जेंट्स अंगूठी, तीन सोने की जंजीर 30 ग्राम, तीन सोने के हार नौ तौला, मंगलसूत्र 25 ग्राम, चार सोने की चूड़ी 40 ग्राम, टॉप्स, झुमकी व झाले 40 ग्राम, मांग टीका पांच ग्राम, एक किलो 200 ग्राम चांदी का सामान ले गए हैं। उन्होंने ज्वैलरी की कीमत 15 लाख के लगभग बताई है। क्वार्सी पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।