इगलास कोतवाली क्षेत्र की चौकी गोरई क्षेत्र में मांट जाने वाले संपर्क मार्ग पर गांव श्यामगढ़ी के रजवाहे पर रास्ता रोककर रविवार रात को 8-10 सशस्त्र बदमाशों ने रिटायर्ड पुलिस कर्मी समेत दर्जनभर लोगों से लूटपाट की और पटरी पर हाथ-पैर बांध कर डाल दिया। बदमाशों ने लूट का विरोध करने पर एक दुग्ध विक्रेता की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने गोरई का बाजार बंद कर जाम लगा दिया और प्रदर्शन किया।
चिंता बास निवासी सुभाष पुत्र बनवारीलाल ने बताया कि वह डेयरी पर दूध डालकर लौट रहा था, बदमाशों ने उससे तीन हजार पांच सौ रु पये और मोबाइल लूट लिया। लूटने के बाद उसके ही अंगोछा से बदमाशों ने हाथ बांधकर बंबा की पटरी पर डाल दिया। उसके बाद गांव कारौली निवासी योगेंद्र पुत्र भंगड़ी सिंह को पकड़ा।
और उससे 12 हजार रु पये और मोबाइल लूटने के साथ ही हाथ-पैर बांधकर डाल दिया। गांव सूरजा निवासी संजू पुत्र राजन, अंकित और पिंटू पुत्र प्रहलाद खैर से धान की खेती की दवा लेकर लौट रहे थे। बदमाशों ने पिंटू से लगभग 12 हजार रु पये और अन्य लोगों के मोबाइल फोन लूट लिये। विरोध पर संजू के साथ मारपीट कर घायल कर सभी को बांधकर डाल दिया। फतेली बास निवासी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी अशोक पुत्र रामखिलाड़ी और राकेश पुत्र रमेशचंद्र से भी बदमाशों ने मारपीट कर एक हजार रु पये व मोबाइल तथा इसी गांव के ओमवीर पुत्र जयपाल सिंह, भूरा पुत्र शिवराज सिंह, विष्णु पुत्र कप्तान सिंह से भी लूट कर इनको बांधकर डाल दिया।
इस बीच बास फतेली निवासी कुंवरपाल उर्फ ल्हौरे सिंह (40) पुत्र श्यौदान सिंह गोरई इगलास मार्ग स्थित अर्निया डेयरी से दूध डालकर अपने चार वर्षीय बेटे हेमंत उर्फ कान्हा के साथ लौट रहा था। बदमाशों ने इसको भी पकड़ लिया और जब उसने विरोध करते हुए शोर मचाया तो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट करते हुए सिर में प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी बीच अशोक और राकेश किसी तरह बंधन खोलकर गांव श्यामगढ़ी पहुंचे और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। घटना स्थल पर पहुंचे लोगों ने पीड़ितों के हाथ खोल कर बंधनमुक्त किया। गंभीर रूप से घायल कुंवरपाल को इलाज को मथुरा ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। वहीं घायल संजू को इलाज के लिए अलीगढ़ भर्ती कराया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई, लेकिन फोन मथुरा लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने चौकी पहुंच कर घटना की सूचना दी वहां उस समय सिर्फ एक होमगार्ड मौजूद था। घटना की सूचना पर दो घंटे बाद एसपी देहात, सीओ पंकज श्रीवास्तव, कोतवाल राजवीर सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक के भाई धर्मपाल सिंह ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं सोमवार को घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोरई के बाजार को बंद कराने के साथ ही प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे सीओ पंकज श्रीवास्तव व एसडीएम शिवकुमार ने लोगों से बात करके दो घंटे बाद जाम को खुलवाया। ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता दिलायी जाये तथा घटना का खुलासा किया जाये।