शहरी गरीबों के लिए बनी एलमपुर आवास परियोजना में को लेकर अमर उजाला द्वारा की जा रही पड़ताल में जिले के जनप्रतिनिधियों ने भी संज्ञान लिया है। गरीबों के हक पर हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ अमर उजाला के इस पड़ताल अभियान में जिले के जनप्रतिनिध भी कूद रहे हैं।
इनमें सांसद सतीश गौतम, बरौली विधानसभा का हिस्सा एलमपुर क्षेत्र के विधायक ठा. दलवीर सिंह, शहर विधायक संजीव राजा व कोल विधायक अनिल पाराशर ने उच्चस्तरीय जांच के लिए कदम उठाना शुरू कर दिया है।
अमर उजाला द्वारा 26 अप्रैल से एलमपुर आवास परियोजना में हुए अवैध कब्जे, माफिया व दलालों द्वारा इस आवास परियोजना में फर्जी तरीके से किए गए आवंटन आदि को लेकर पड़ताल करते हुए खुलासा शुरू किया गया है। इस पर अब तक जिलाधिकारी से लेकर परियोजना निदेशक डूडा, निर्माणदायी संस्था जल निगम सीएंडडीएस, बिजली विभाग आदि के स्तर से जांच शुरू कर दी गई हैं।
जिलाधिकारी ने जहां इसके लिए एक अधिकारी नियत कर पूरा ब्योरा तलब किया गया है। वह अधिकारी तमाम गड़बड़ियों पर दस्तावेज जुटाने में लगे हुए हैं। वहीं सीएंडडीएस फर्जी आवंटन और बिजली विभाग की टीम फर्जी आईडी पर विद्युत संयोजन लेने की जांच में जुटी हैं। इसे लेकर वहां फर्जी व अवैध तरीके से रह रहे लोगों के अलावा माफिया व दलालों में खलबली मची हुई है।
अब तक हुई पड़ताल
26 अप्रैल: एलमपुर आवास योजना के फ्लैटों पर कब्जे
28 अप्रैल: दलालों ने तैयार कर बांट दिए आवंट पत्र, रसीद
29 अप्रैल: फोटो वाली महिला ने फोड़ा भांड़ा, राजकुमारी नहीं, मैं ममता हूं
30 अप्रैल: फर्जी आईडी पर बिजली लेने वालों पर होगा केस
03 मई: एलमपुर फर्जीवाड़ा: जांच को पहुंची टीमों को रिजर्व फ्लैटों पर भी मिला अवैध कब्जा
05 मई: एलमपुर फर्जीवाड़ा:अवैध निर्माण कर बढ़ा लिए फ्लैट
07 मई: डूडा दफ्तर से चलता था सीडीएस वर्कर का गैंग
यह वाकई बेहद गंभीर मसला है। इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखेंगे। जिलाधिकारी को पत्र लिखकर जांच कराने की मांग करेंगे। इसके लिए कमेटी गठित कराएंगे। अमर उजाला में प्रकाशित होने के बाद पूरा मामला उनके संज्ञान में आया है। फर्जीवाड़ा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्हें जेल भेजवाएंगे।
सतीश गौतम, सांसद
यह हमारी विधानसभा का मसला है। इसमें बेहद बड़ी गड़बड़ियां डूडा अधिकारियों व कर्मचारियों की मिलीभगत से हुई हैं। इसे लेकर वह नगर विकास मंत्री को पत्र लिख रहे हैं और जल्द ही नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव से मुलाकात कर मुद्दे पर कार्यवाही कराएंगे।
ठा.दलवीर सिंह, विधायक बरौली
प्रदेश की योगी सरकार भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर सहन नहीं है। अमर उजाला ने गरीबों का सही मुद्दा उठाकर ध्यान आकर्षित कराया है। किसी भी कीमत पर दोषियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी प्रयास होगा वह किया जाएगा और कार्रवाई कराई जाएगी।
संजीव राजा, शहर विधायक
शहरी गरीबों के लिए एलमपुर के साथ-साथ जमालपुर की आवास परियोजना भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी है। वह पूर्व में भी इस विषय में आवाज उठा चुके हैं। अब अमर उजाला ने जो साक्ष्य सामने लाएं हैं, उनके आधार पर फिर से मुद्दे को शासन में उठाकर दोषियों पर कार्रवाई कराने का प्रयास करेंगे।
अनिल पाराशर, विधायक कोल