महानगर में हुए उपद्रव के बाद जिस अंदाज में अफवाहें फैली हैं। उसे लेकर जिला प्रशासन ने बेहद सख्त फैसला लिया है। अगर किसी ने अफवाह फैलाई और सोशल साइट्स की मदद से खुराफात की तो उसके खिलाफ सख्ती होगी। पुलिस ने खुराफातियों व अफवाह फैलाने वालों को चिह्नित करना शुरू कर दिया है।
देर रात आईजी जोन आगरा के देहली गेट पहुंचने के बाद पुलिस प्रशासन ने रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीम ने सड़कों की सफाई शुरू कर दी है और सीएमओ की मदद से घायलों की तीमारदारी शुरू करा दी गई है।
डीएम डॉ.बलकार सिंह, एसएसपी जे रविंदर गौड़ ने साफ-साफ कहा है कि अफवाहें फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। किसी को शहर का माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सर्विलांस टीम को इसकी निगरानी पर लगा दिया गया है।
इसके अलावा पूरे शहर में खुफिया तंत्र, एसपीओ आदि भी एक्टिव कर दिए गए हैं। देर रात तक अधिकारियों का अमला देहली गेट थाने पर जमा था। सांसद सतीश गौतम भी पहुंचे और अधिकारियों से वार्ता के बाद वहीं से वापस लौट गए।